मुन्दोली (देवाल), चमोली, उत्तराखंड।
नवंबर 2026 के प्रथम सप्ताह में अनंत नन्दा फाउंडेशन (ANNT NANDAS FOUNDATION) द्वारा चमोली जनपद के देवाल विकासखंड स्थित ग्राम मुन्दोली में हिमालय स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण अभियान का आयोजन किया गया। इस अभियान में 30 से अधिक विद्यार्थियों एवं स्थानीय ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।अभियान के दौरान मुन्दोली बाजार क्षेत्र एवं आसपास के स्थानों पर फैले प्लास्टिक कचरे को एकत्रित किया गया। इस अवसर पर ग्रामीणों और स्थानीय दुकानदारों को प्लास्टिक कचरे से होने वाले गंभीर पर्यावरणीय नुकसान के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम के अंतर्गत पश्चिम बंगाल की प्रसिद्ध अल्ट्रा ट्रेल रनर एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति समर्पित श्रीमती राखी राय द्वारा दान किए गए बाँस के कूड़ेदानों का उपयोग किया गया। इन कूड़ेदानों में बाजार क्षेत्र से एकत्रित प्लास्टिक कचरे को डालने की व्यवस्था की गई, ताकि लोग इधर-उधर कचरा फेंकने के बजाय निर्धारित स्थान पर कचरा डालने की आदत विकसित करें।
कार्यक्रम का संचालन एवं मार्गदर्शन अनंत नन्दा फाउंडेशन के संस्थापक एवं निदेशक कलम सिंह बिष्ट (पूर्व भारतीय सेना, अंतरराष्ट्रीय अल्ट्रा ट्रेल रनर एवं विभिन्न सैन्य तथा राज्य स्तरीय पुरस्कारों से सम्मानित) के पर्यवेक्षण में किया गया।
इस अभियान में विद्यार्थियों सचिन, बबीता (1), बबीता (2), संदीप, सूरज, मुन्ना, प्रियांशु, भार्गव, भूपेंद्र सहित अनेक युवाओं एवं ग्रामीणों ने सक्रिय योगदान दिया।
इस अवसर पर कलम सिंह बिष्ट ने कहा कि हिमालय केवल हमारा प्राकृतिक धरोहर नहीं, बल्कि देश की जीवनरेखा है। प्लास्टिक कचरा मिट्टी, जलस्रोतों, वन्यजीवों और प्राकृतिक पारिस्थितिकी के लिए गंभीर खतरा है। यदि हम समय रहते इसके दुष्परिणामों को नहीं समझेंगे, तो आने वाली पीढ़ियों को इसका भारी नुकसान उठाना पड़ेगा।
उन्होंने विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों से अपील की कि वे अपने गांव, बाजार, जलस्रोतों और प्राकृतिक स्थलों को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी स्वयं उठाएं। उन्होंने कहा कि स्वच्छ हिमालय का सपना केवल सरकार या किसी एक संस्था के प्रयासों से पूरा नहीं हो सकता, इसके लिए प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है।
अनंत नन्दा फाउंडेशन (ANNT NANDAS FOUNDATION) का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में पर्यावरण संरक्षण, युवा सशक्तिकरण, महिला सशक्तिकरण तथा हिमालयी गरीब एवं वंचित समुदायों के विकास के लिए निरंतर जनभागीदारी के साथ कार्य करना है।
इस अभियान ने एक बार फिर संदेश दिया कि छोटे-छोटे सामूहिक प्रयास भी प्रकृति संरक्षण की दिशा में बड़ा बदलाव ला सकते हैं।
संदेश: स्वच्छ गांव – स्वच्छ हिमालय – सुरक्षित भविष्य।
