सिल्क्यारा टनल रेस्क्यू अभियान की वर्षगांठ पर उत्तराखंड में पहली बार आपदा प्रबंधन दिवस, 150 स्थानों पर हुई मॉक ड्रिल

देहरादून। सिल्क्यारा टनल रेस्क्यू अभियान की वर्षगांठ के अवसर पर पहली बार आयोजित किए जा रहे आपदा प्रबंधन दिवस के तहत उत्तराखंड में राज्य स्तरीय मॉक ड्रिल आयोजित की गई। इस राज्यव्यापी अभ्यास में राज्य स्तर के साथ ही सभी 13 जनपदों और तहसील स्तर पर गठित घटना प्रतिक्रिया प्रणाली (IRS) की टीमों ने प्रतिभाग किया।

 

आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री मदन कौशिक ने राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) पहुंचकर मॉक ड्रिल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि सिल्क्यारा रेस्क्यू अभियान उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए साहस, धैर्य, समन्वय और मानवीय संकल्प की ऐतिहासिक मिसाल है। इस अभियान ने साबित किया कि कठिन परिस्थितियों में सभी एजेंसियां एकजुट होकर स्पष्ट रणनीति के साथ काम करें तो बड़ी से बड़ी चुनौती का सामना किया जा सकता है।

 

मंत्री ने कहा कि आपदा प्रबंधन दिवस केवल किसी घटना को याद करने का अवसर नहीं, बल्कि उससे मिली सीख को भविष्य की तैयारियों में शामिल करने का भी माध्यम है। मॉक ड्रिल के जरिए यह परखा जाता है कि वास्तविक आपदा की स्थिति में संबंधित विभाग और उनकी टीमें कितनी तत्परता से काम कर सकती हैं।

 

इस अवसर पर मंत्री मदन कौशिक ने राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के ड्यूटी ऑफिसर के दायित्वों पर आधारित मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) का विमोचन भी किया। उन्होंने कहा कि SEOC आपदा प्रबंधन व्यवस्था का महत्वपूर्ण केंद्र है। SOP के माध्यम से यहां कार्यरत अधिकारियों और कर्मचारियों के दायित्वों, कार्यप्रणाली तथा आपात स्थिति में की जाने वाली कार्रवाई को अधिक स्पष्ट और व्यवस्थित किया गया है।

चार दिनों में 1,200 स्थानों पर मॉक ड्रिल

सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने बताया कि आपदा प्रबंधन दिवस के अवसर पर प्रदेशभर में व्यापक स्तर पर मॉक ड्रिल और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। शनिवार को 150 स्थानों पर राज्य स्तरीय मॉक ड्रिल हुई, जबकि चार दिवसीय कार्यक्रमों के दौरान कुल 1,200 स्थानों पर मॉक ड्रिल आयोजित कर आपदा के दौरान त्वरित प्रतिक्रिया और तैयारियों का परीक्षण किया गया। इसके अलावा 3,000 से अधिक स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

भूकंप से लेकर सुरंग हादसे तक के परिदृश्यों का अभ्यास

चार दिवसीय अभ्यास के दौरान विभिन्न आपदाओं और दुर्घटनाओं को ध्यान में रखते हुए मॉक ड्रिल की गई। इसमें भूकंप के कारण भवन क्षतिग्रस्त होने, मलबे में लोगों के फंसे होने और घायलों को सुरक्षित बाहर निकालने का अभ्यास शामिल रहा।

 

इसके अलावा नदी में डूबने, सड़क दुर्घटना, सुरंग एवं निर्माण स्थल पर हादसे, धार्मिक और पर्यटन स्थलों पर अत्यधिक भीड़ के कारण भगदड़, आकाशीय बिजली गिरने तथा बांध या जलाशय से अचानक पानी छोड़े जाने जैसी परिस्थितियों पर भी विभागों की प्रतिक्रिया परखी गई। आपदा के दौरान संचार व्यवस्था बाधित होने की स्थिति से निपटने का भी अभ्यास किया गया।

 आधुनिक उपकरणों की प्रदर्शनी का किया निरीक्षण

मंत्री मदन कौशिक ने SDRF, NDRF, अग्निशमन विभाग और भूकंप पूर्व चेतावनी प्रणाली से संबंधित उपकरणों की प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। उन्होंने उपकरणों की कार्यप्रणाली और आपदा के दौरान उनके उपयोग की जानकारी ली। साथ ही आधुनिक तकनीक और उपकरणों के माध्यम से प्रदेश की आपदा प्रतिक्रिया क्षमता मजबूत करने पर जोर दिया।

 

इस दौरान आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष विनय रुहेला, लेफ्टिनेंट कर्नल (सेवानिवृत्त) रघुवीर सिंह भंडारी, सचिव विनोद कुमार सुमन, अपर सचिव प्रकाश चंद्र, अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी डीआईजी राजकुमार नेगी, SDRF कमांडेंट अजय गणपति और संयुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी दिनेश कुमार पुनेठा सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।