मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने आज मुख्यमंत्री आवास में विश्व आपदा प्रबंधन सम्मेलन-2026 का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने हिमालयन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, देहरादून के कॉरपस फंड के लिए ₹01 करोड़ देने की घोषणा की। तीन दिवसीय इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में 50 से अधिक देशों के प्रतिनिधि, आपदा प्रबंधन विशेषज्ञ, वैज्ञानिक, शिक्षाविद्, विभिन्न विश्वविद्यालयों एवं तकनीकी संस्थानों के प्रतिनिधि तथा आपदा प्रबंधन से जुड़े संगठन प्रतिभाग कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने सम्मेलन के आयोजन को उत्तराखण्ड के लिए महत्वपूर्ण अवसर बताते हुए कहा कि यह आयोजन राज्य को आपदा प्रबंधन, अनुसंधान और वैश्विक सहयोग के क्षेत्र में एक प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में सार्थक पहल है। सम्मेलन के माध्यम से दुनिया के विभिन्न देशों के अनुभवों, आधुनिक तकनीकों, नवाचारों और अनुसंधान को साझा करने के साथ ही आपदाओं से निपटने के लिए समन्वित रणनीति पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने सम्मेलन में उपस्थित अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए आयोजन से जुड़ी हिमालयन एकेडमी ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी सहित सभी संस्थाओं और आयोजकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मेलन वेस्टइंडीज से ऑस्ट्रेलिया तक, गुजरात से पूर्वोत्तर तक और कश्मीर से तमिलनाडु तक विभिन्न क्षेत्रों को एक साझा मंच पर जोड़ रहा है। उत्तराखण्ड के सभी 13 जनपदों, देश के विभिन्न राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों तथा लगभग 50 देशों की सहभागिता इस बात का प्रमाण है कि आपदा प्रबंधन अब किसी एक देश या क्षेत्र का विषय नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता की साझा जिम्मेदारी है। यह आयोजन ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ की भावना को भी साकार करता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 28 नवंबर का दिन उत्तराखंड के लिए विशेष महत्व रखता है। वर्ष 2023 में इसी अवधि के दौरान सिलक्यारा सुरंग में फंसे 41 श्रमिकों को 17 दिनों के अथक प्रयासों के बाद सुरक्षित बाहर निकाला गया था। उस कठिन समय को याद करते हुए उन्होंने कहा कि पूरा देश उन श्रमिकों की सुरक्षा के लिए प्रार्थना कर रहा था। सुरंग के बाहर श्रमिकों के परिजनों की चिंता, प्रदेशवासियों की उम्मीदें और बाबा बौखनाग जी के प्रति लोगों की आस्था उस कठिन अभियान के दौरान सभी को संबल प्रदान कर रही थी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 41 श्रमिकों का सुरक्षित बाहर आना केवल एक रेस्क्यू ऑपरेशन की सफलता नहीं, बल्कि मानवता, साहस, धैर्य और सामूहिक संकल्प की ऐतिहासिक विजय थी। उन्होंने विशेष रूप से श्रमिक गब्बर सिंह नेगी सहित सभी श्रमिकों के धैर्य और साहस की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस अभियान के दौरान प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी लगातार स्थिति की जानकारी लेते रहे। प्रधानमंत्री प्रतिदिन उनसे संवाद कर रहे थे और हर स्तर पर आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के इस सहयोग को कठिन समय में अभिभावक के समान संबल बताया।
मुख्यमंत्री ने सिलक्यारा रेस्क्यू ऑपरेशन में योगदान देने वाले इंजीनियरों, वैज्ञानिकों, रैट माइनर्स, सेना, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, केंद्रीय एवं राज्य की एजेंसियों, प्रशासनिक अधिकारियों तथा स्थानीय नागरिकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जब बड़ी मशीनों के सामने चुनौतियां आईं, तब रैट माइनर्स ने अपने कौशल और साहस से अंतिम चरण में महत्वपूर्ण सफलता दिलाई। यह अभियान आधुनिक विज्ञान और तकनीक के साथ मानवीय संवेदनशीलता, अनुभव, धैर्य और सामूहिक प्रयासों के समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण बना।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सिलक्यारा रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान देहरादून में आयोजित एक अन्य अंतरराष्ट्रीय आपदा प्रबंधन कार्यक्रम में भी बड़ी संख्या में विदेशी विशेषज्ञों और प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया था। उस समय उत्तराखण्ड ने पूरी दुनिया को यह दिखाया कि कठिन परिस्थितियों में भी समन्वित प्रयास, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और दृढ़ इच्छाशक्ति से असंभव प्रतीत होने वाले कार्य को संभव बनाया जा सकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज पूरी दुनिया जलवायु परिवर्तन के कारण उत्पन्न गंभीर चुनौतियों का सामना कर रही है। कहीं अत्यधिक वर्षा और बाढ़ की घटनाएं हो रही हैं, तो कहीं सूखा, भूस्खलन, वनाग्नि और चरम मौसमी परिस्थितियां जनजीवन को प्रभावित कर रही हैं। इन आपदाओं का प्रभाव केवल जन-धन की हानि तक सीमित नहीं रहता, बल्कि अर्थव्यवस्था, कृषि, प्राकृतिक संसाधनों और सामाजिक संरचना पर भी पड़ता है। ऐसे में आपदा प्रबंधन के लिए वैश्विक स्तर पर साझा प्रयास, अनुभवों का आदान-प्रदान और प्रभावी कार्ययोजना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में प्रतिक्रियात्मक व्यवस्था से आगे बढ़कर पूर्वानुमान, पूर्व तैयारी और जोखिम न्यूनीकरण की दिशा में कार्य कर रहा है। आपदा आने के बाद राहत और बचाव कार्य करना जितना आवश्यक है, उससे कहीं अधिक जरूरी है कि संभावित जोखिमों की समय रहते पहचान की जाए और जन-धन की हानि को कम करने के लिए पहले से प्रभावी व्यवस्थाएं विकसित की जाएं।
मुख्यमंत्री ने हिमालयी क्षेत्र की संवेदनशीलता का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तराखण्ड सहित संपूर्ण हिमालयी क्षेत्र पर्यावरणीय और भौगोलिक दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील है। वर्ष 2013 की केदारनाथ आपदा, वर्ष 2021 की चमोली आपदा, सिलक्यारा सुरंग घटना और हाल के वर्षों में हुई विभिन्न प्राकृतिक आपदाओं ने यह स्पष्ट किया है कि हिमालयी क्षेत्रों में विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। हिमाचल प्रदेश, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, नेपाल, भूटान और तिब्बत सहित समूचे हिमालयी क्षेत्र की चुनौतियां काफी हद तक समान हैं, इसलिए इस सम्मेलन में हिमालयी क्षेत्र की समस्याओं और उनके समाधान पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा प्रबंधन में पारंपरिक ज्ञान और आधुनिक तकनीक का समन्वय बेहद महत्वपूर्ण है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग, रिमोट सेंसिंग, जीआईएस, सैटेलाइट मॉनिटरिंग और ड्रोन तकनीक के माध्यम से आपदा संबंधी जोखिमों का बेहतर आकलन किया जा सकता है। इन तकनीकों का लाभ प्रदेश के अंतिम गांव तक पहुंचना चाहिए, ताकि समय रहते चेतावनी जारी हो सके और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था की जा सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड सरकार आपदा प्रबंधन की व्यवस्थाओं को लगातार सुदृढ़ कर रही है। राज्य में एसडीआरएफ को मजबूत करने, आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराने, पूर्व चेतावनी प्रणाली विकसित करने, संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी, विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय और स्थानीय समुदायों को प्रशिक्षित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। आपदा के दौरान त्वरित राहत एवं बचाव कार्यों के साथ-साथ प्रभावित क्षेत्रों में पुनर्वास और पुनर्निर्माण को भी प्राथमिकता दी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड में आपदा प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाने के लिए वैज्ञानिक अनुसंधान, तकनीकी नवाचार, प्रशिक्षण और सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा दिया जा रहा है। राज्य में आपदा जोखिमों का आकलन करने, चेतावनी तंत्र को मजबूत बनाने और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने के लिए आधुनिक तकनीक का उपयोग किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस सम्मेलन में होने वाला विचार-विमर्श न केवल उत्तराखण्ड, बल्कि पूरे हिमालयी क्षेत्र और विश्व के अन्य संवेदनशील क्षेत्रों के लिए उपयोगी सिद्ध होगा।
