Aआपदा प्रबंधन दिवस के अवसर पर शनिवार को जनपद चमोली में राज्य स्तरीय आपदा प्रबंधन मॉक अभ्यास आयोजित किया गया। इसके अंतर्गत जनपद के विभिन्न तहसील क्षेत्रों में कुल 08 स्थानों पर भूकंप, भूस्खलन, त्वरित बाढ़, सुरंग में जलभराव, सड़क दुर्घटना, वन्यजीव संघर्ष, हेलीकॉप्टर की आपातकालीन लैंडिंग तथा अग्निकांड जैसी संभावित आपदा परिस्थितियों का कृत्रिम परिदृश्य तैयार कर राहत एवं बचाव कार्यों का अभ्यास किया गया। मॉक अभ्यास के माध्यम से विभिन्न विभागों एवं बचाव एजेंसियों की तत्परता, संसाधनों की उपलब्धता, आपसी समन्वय तथा आपात परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया की क्षमता का परीक्षण किया गया।
जिलाधिकारी/अध्यक्ष जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण श्री गौरव कुमार जिला आपदा परिचालन केंद्र से सभी आठों घटनास्थलों पर संचालित राहत एवं बचाव कार्यों की लगातार निगरानी करते रहे। उन्होंने विभिन्न घटनास्थलों पर तैनात इंसिडेंट कमांडरों से सीधे संपर्क स्थापित कर रेस्क्यू ऑपरेशन की प्रगति की जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों एवं बचाव एजेंसियों के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित करते हुए निर्धारित समय में राहत एवं बचाव कार्य संचालित करने पर जोर दिया।
संबंधित उपजिलाधिकारियों एवं तहसील स्तरीय इंसिडेंट रिस्पांस सिस्टम (आईआरएस) टीमों के नेतृत्व में सभी निर्धारित स्थलों पर राहत एवं बचाव अभियान संचालित किए गए। अभ्यास में पुलिस, एसडीआरएफ, डीडीआरएफ, आईटीबीपी, एनडीआरएफ, सेना के गढ़वाल स्काउट, एसएसबी, सीआईएसएफ, स्वास्थ्य विभाग, अग्निशमन, वन विभाग, राजस्व, लोक निर्माण विभाग, विद्युत, जल संस्थान, सिंचाई, परिवहन, पशुपालन, एनटीपीसी, टीएचडीसी तथा स्थानीय निकायों सहित विभिन्न विभागों की टीमों ने प्रतिभाग किया।
आठ स्थानों पर अलग-अलग आपदा परिस्थितियों का किया गया अभ्यास
1. तपोवन एनटीपीसी टनल में बाढ़ एवं जलभराव
तहसील ज्योतिर्मठ स्थित तपोवन एनटीपीसी टनल में त्वरित बाढ़ एवं जलभराव की स्थिति का परिदृश्य तैयार किया गया। इसमें सुरंग के मुख्य प्रवेश द्वार से भारी मात्रा में मलबा एवं पानी भीतर भरने तथा सुरंग में कार्यरत लगभग 20 से 22 श्रमिकों, तकनीकी कर्मचारियों एवं मशीन ऑपरेटरों के फंसने की स्थिति दर्शाई गई। बचाव दलों ने सुरंग में फंसे श्रमिकों की खोज, सुरक्षित निकासी तथा आवश्यक राहत कार्यों का अभ्यास किया। इस स्थल पर तहसीलदार ज्योतिर्मठ श्री अमित द्विवेदी इंसिडेंट कमांडर रहे। गांधी मैदान ज्योतिर्मठ को स्टेजिंग एरिया बनाया गया। एसडीआरएफ, गढ़वाल स्काउट, आईटीबीपी, अग्निशमन, पुलिस, राजस्व, मेडिकल टीम, सिंचाई, लोक निर्माण विभाग, जल संस्थान, यूपीसीएल एवं एनटीपीसी की टीमों ने प्रतिभाग किया।
2. जीएमवीएन ज्योतिर्मठ में भूकंप से भवन क्षतिग्रस्त
जीएमवीएन परिसर ज्योतिर्मठ में 6.0 तीव्रता के भूकंप से भवन के पांच कक्ष क्षतिग्रस्त होने तथा उनमें लगभग 12 से 14 लोगों के फंसे होने का परिदृश्य तैयार किया गया। बचाव दलों ने मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने, घायलों को प्राथमिक उपचार देने एवं एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाने का अभ्यास किया। इस स्थल पर नगर पालिका ज्योतिर्मठ के अधिशासी अधिकारी श्री सुनील पुरोहित इंसिडेंट कमांडर रहे। एसडीआरएफ, आईटीबीपी, गढ़वाल स्काउट, पुलिस, अग्निशमन, मेडिकल टीम, लोक निर्माण विभाग, ग्रामीण निर्माण विभाग, यूपीसीएल, जल संस्थान एवं पूर्ति विभाग की टीमों ने प्रतिभाग किया।
3. पीपलकोटी टीएचडीसी टनल हाट में भूस्खलन
तहसील चमोली के पीपलकोटी स्थित टीएचडीसी टनल हाट में सुरंग के मुख्य प्रवेश द्वार के ऊपर पहाड़ी ढलान पर भारी भूस्खलन होने तथा मलबा एवं बोल्डर गिरने से प्रवेश एवं निकास मार्ग अवरुद्ध होने का परिदृश्य बनाया गया। सुरंग के भीतर लगभग 15 से 20 श्रमिकों एवं तकनीकी कर्मचारियों के फंसे होने की स्थिति दर्शाई गई। बचाव टीमों ने सुरंग में फंसे श्रमिकों की खोज एवं सुरक्षित निकासी के लिए संयुक्त रेस्क्यू अभियान का अभ्यास किया। इस स्थल पर तहसीलदार चमोली श्रीमती दीप्ति शिखा इंसिडेंट कमांडर रहीं। सीआईएसएफ, डीडीआरएफ, अग्निशमन, पुलिस, एसडीआरएफ, राजस्व, मेडिकल टीम, सिंचाई, लोक निर्माण विभाग, जल संस्थान एवं यूपीसीएल की टीमों ने प्रतिभाग किया।
4. चटवापीपल में टेंपो ट्रैवलर दुर्घटना
तहसील कर्णप्रयाग के चटवापीपल में राष्ट्रीय राजमार्ग पर टेंपो ट्रैवलर दुर्घटनाग्रस्त होने तथा वाहन में सवार लगभग 14 से 16 यात्रियों के फंसने का परिदृश्य तैयार किया गया। अभ्यास के दौरान दुर्घटनाग्रस्त वाहन से यात्रियों को सुरक्षित निकालने, घायलों को प्राथमिक उपचार देने तथा एंबुलेंस के माध्यम से नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाने की कार्रवाई की गई। इस स्थल पर तहसीलदार कर्णप्रयाग श्रीमती सुधा डोभाल इंसिडेंट कमांडर रहीं। आईटीबीपी, एसडीआरएफ, डीडीआरएफ, अग्निशमन, मेडिकल टीम, पुलिस एवं परिवहन विभाग की टीमों ने प्रतिभाग किया।
5. पोखरी में भालू के हमले
तहसील पोखरी के मोहनखाल मार्ग पर मुख्य बाजार के निकट भालू द्वारा दो व्यक्तियों पर हमला किए जाने तथा दोनों के गंभीर रूप से घायल होने की स्थिति का अभ्यास किया गया। इसमें घायलों को तत्काल चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराने, सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने तथा आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने की कार्रवाई की गई। साथ ही वन विभाग की टीम ने वन्यजीव को सुरक्षित पकड़ने की प्रक्रिया का अभ्यास किया। इस स्थल पर खंड विकास अधिकारी पोखरी श्री दिनेश सिंह नेगी इंसिडेंट कमांडर रहे। पुलिस, वन विभाग, मेडिकल टीम एवं पशुपालन विभाग की टीमों ने प्रतिभाग किया।
6. घाट में हेलीकॉप्टर की आपातकालीन लैंडिंग
तहसील घाट के कुंतरी गांव के समीप एक खेत में हेलीकॉप्टर की तकनीकी अथवा अन्य आपात स्थिति के कारण इमरजेंसी लैंडिंग का परिदृश्य तैयार किया गया। अभ्यास में हेलीकॉप्टर की सुरक्षित लैंडिंग के बाद यात्रियों एवं चालक दल की सुरक्षा, संभावित घायलों को चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराने तथा घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्य संचालित करने का अभ्यास किया गया। इस स्थल पर खंड विकास अधिकारी नंदानगर श्री चंद्र प्रकाश बलूनी इंसिडेंट कमांडर रहे। पुलिस, अग्निशमन, राजस्व, डीडीआरएफ, लोक निर्माण विभाग, मेडिकल टीम एवं जल संस्थान की टीमों ने प्रतिभाग किया।
7. राजकीय इंटर कॉलेज थराली में भूकंप
तहसील थराली स्थित राजकीय इंटर कॉलेज में 6.0 तीव्रता के भूकंप से मुख्य भवन के दो कक्ष क्षतिग्रस्त होने तथा उनमें लगभग 40 विद्यार्थियों के फंसे होने का परिदृश्य बनाया गया। बचाव दलों ने क्षतिग्रस्त भवन से विद्यार्थियों को सुरक्षित बाहर निकालने, घायलों को प्राथमिक उपचार देने एवं अस्पताल पहुंचाने का अभ्यास किया। इस स्थल पर उपजिलाधिकारी थराली श्री यशवीर सिंह इंसिडेंट कमांडर रहे। पुलिस, एसएसबी, एसडीआरएफ, डीडीआरएफ, मेडिकल टीम, अग्निशमन, लोक निर्माण विभाग, ग्रामीण निर्माण विभाग, यूपीसीएल, जल संस्थान एवं पूर्ति विभाग की टीमों ने प्रतिभाग किया।
8. कालिमाटी गांव गैरसैंण में भीषण अग्निकांड
तहसील गैरसैंण के कालिमाटी गांव में राष्ट्रीय राजमार्ग के ऊपरी एवं निचले क्षेत्र में भीषण आग लगने तथा आग के तेजी से आबादी क्षेत्र की ओर फैलने का परिदृश्य तैयार किया गया। अभ्यास के दौरान आग पर नियंत्रण पाने, प्रभावित क्षेत्र से लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने, संभावित घायलों को चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराने तथा आग को आबादी के अन्य हिस्सों में फैलने से रोकने की कार्रवाई की गई। इस स्थल पर उपजिलाधिकारी गैरसैंण श्री अबरार अहमद इंसिडेंट कमांडर रहे। वन विभाग, अग्निशमन दल, पुलिस, राजस्व विभाग तथा स्थानीय महिला एवं पुरुष मंगल दलों ने संयुक्त रूप से प्रतिभाग किया।
मॉक अभ्यास के दौरान विभिन्न घटनास्थलों पर एंबुलेंस, जेसीबी, एक्सकेवेटर, क्रेन, अग्निशमन वाहन, पानी के टैंकर, डिवाटरिंग पंप, हाइड्रोलिक एवं आयरन कटर, जैक, वुड कटर, रस्सियां, सर्चलाइट, सैटेलाइट फोन तथा अन्य आवश्यक आपदा प्रबंधन उपकरणों की उपलब्धता एवं उपयोग का अभ्यास किया गया। वन्यजीव हमले के परिदृश्य में एनिमल ट्रैप केज एवं एनिमल ट्रैंक्विलाइजर गन की व्यवस्था भी रखी गई।
प्रत्येक घटनास्थल पर मॉक अभ्यास की गतिविधियों का ऑनलाइन प्रसारण सुनिश्चित करने के लिए संबंधित इंसिडेंट कमांडर द्वारा नोडल अधिकारी नामित किए गए। इसके माध्यम से घटनास्थलों पर संचालित गतिविधियों को जिला आपदा परिचालन केंद्र से जोड़ते हुए निगरानी एवं समन्वय किया गया।
मॉक अभ्यास के दौरान खोज एवं बचाव कार्यों, घायलों की सुरक्षित निकासी, प्राथमिक उपचार, अस्पताल तक पहुंचाने, आपातकालीन संसाधनों की उपलब्धता, संचार व्यवस्था तथा विभिन्न विभागों के बीच त्वरित समन्वय एवं प्रभावी प्रतिक्रिया की प्रक्रिया को परखा गया। अभ्यास का उद्देश्य वास्तविक आपदा की स्थिति में जनहानि को न्यूनतम रखते हुए राहत एवं बचाव कार्यों को त्वरित, सुरक्षित एवं प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए सभी संबंधित एजेंसियों को तैयार रखना रहा।
इस दौरान जिला आपदा परिचालन केंद्र में अपर जिलाधिकारी श्री नारायण सिंह नबियाल, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी श्री नंद किशोर जोशी सहित आईआरएस प्रणाली के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं, सभी आठों घटनास्थलों पर संबंधित इंसिडेंट कमांडर, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कार्मिक राहत एवं बचाव कार्यों के संचालन में सक्रिय रूप से जुटे रहे।
