Chamoli: नंदा नगर की मातृशक्ति को स्वास्थ्य सुविधा की बड़ी सौगात, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अल्ट्रासाउंड मशीन और प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र का शुभारंभ

रिपोर्ट – सुरजीत सिंह बिष्ट 

Chamoli : उत्तराखंड की धामी सरकार जहां महिलाओं के आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तिकरण के उद्देश्य से बैणी-भूली योजना जैसी पहल कर रही है, वहीं महिलाओं के बेहतर स्वास्थ्य और सुरक्षित मातृत्व की दिशा में जिला पंचायत अध्यक्ष चमोली  दौलत सिंह बिष्ट ने नई सौगात दी है ।

इसी क्रम में चमोली जनपद के सुदूरवर्ती नंदा नगर की मातृशक्ति को स्वास्थ्य सुविधाओं की एक महत्वपूर्ण सौगात मिली है।

अब नंदा नगर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की गर्भवती महिलाओं को अल्ट्रासाउंड जांच के लिए लंबी दूरी तय कर जिला चिकित्सालय गोपेश्वर अथवा कर्णप्रयाग नहीं जाना पड़ेगा। नंदा नगर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अल्ट्रासाउंड मशीन उपलब्ध करा दी गई है।

रविवार को जिला पंचायत अध्यक्ष चमोली दौलत सिंह बिष्ट एवं थराली विधानसभा क्षेत्र के विधायक भूपाल राम टम्टा ने संयुक्त रूप से अल्ट्रासाउंड मशीन का लोकार्पण किया। इसके साथ ही अस्पताल परिसर में प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र का भी उद्घाटन किया गया। यह अल्ट्रासाउंड मशीन जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट द्वारा जिला पंचायत निधि से उपलब्ध कराई गई है।

गौरतलब है कि इससे पहले नंदा नगर क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं को अल्ट्रासाउंड जांच के लिए गोपेश्वर या कर्णप्रयाग का रुख करना पड़ता था। दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों, आवागमन की कठिनाइयों और लंबी दूरी के कारण महिलाओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। ऐसे में स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में यह सुविधा शुरू होना क्षेत्र की महिलाओं के लिए राहत भरा कदम माना जा रहा है।

लोकार्पण एवं उद्घाटन कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख  हेमा नेगी , नंदानगर की नगर पंचायत अध्यक्ष बीना देवी, बूरा वार्ड से जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि मनोज रावत , भेटी वार्ड से जिला पंचायत सदस्य महेंद्र नेगी सहित स्वास्थ्य विभाग के मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम में नंदा नगर क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों से बड़ी संख्या में महिलाओं ने प्रतिभाग किया और इस सुविधा के लिए जिला पंचायत अध्यक्ष का आभार व्यक्त किया।

इस कार्यक्रम का एक विशेष पहलू यह भी रहा कि नंदानगर के दूरस्थ गांव पेरी की निवासी संजना देवी ने नई अल्ट्रासाउंड मशीन से सबसे पहले अपनी जांच कराई।

उन्होंने इस सुविधा के लिए जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट का धन्यवाद व्यक्त किया। यह अवसर इस बात का प्रतीक भी बना कि अब क्षेत्र की महिलाओं को अपने ही विकासखंड में स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।

इस अवसर पर बूरा वार्ड से जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि  मनोज रावत ने भी क्षेत्र की स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने अस्पताल में अल्ट्रासाउंड मशीन के नियमित संचालन के लिए प्रशिक्षित टेक्नीशियन की व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया। साथ ही उन्होंने मांग रखी कि यह सुविधा सप्ताह के सभी दिनों में उपलब्ध कराने की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं को जांच के लिए दोबारा परेशानियों का सामना न करना पड़े।

इसके साथ ही उन्होंने क्षेत्रीय विधायक भूपाल राम टम्टा के समक्ष नंदा नगर की लंबित विकास योजनाओं और स्थानीय समस्याओं को भी रखा तथा उनके समाधान की मांग की।

कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग एवं आशा कार्यकर्ताओं द्वारा महिलाओं को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करने के लिए नुक्कड़ नाटक का आयोजन भी किया गया। इसमें विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य, सुरक्षित मातृत्व और संस्थागत प्रसव के महत्व की जानकारी दी गई।

साथ ही ऐसे दुर्गम गांव, जहां सड़क की सुविधा उपलब्ध नहीं है, वहां गर्भवती महिलाओं को अस्पताल तक पहुंचाने के लिए संचालित डोली सेवा के प्रति भी महिलाओं को जागरूक किया गया।

मां नंदा देवी की पावन भूमि नंदा नगर में आयोजित इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष श्री दौलत सिंह बिष्ट ने कहा कि यह सब मां नंदा देवी के आशीर्वाद और क्षेत्र की मातृशक्ति के स्नेह एवं आशीर्वाद से संभव हो पाया है। उन्होंने क्षेत्र की महिलाओं को इस सुविधा का लाभ लेने और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।

कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं ने भी जिला पंचायत अध्यक्ष का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें अपना आशीर्वाद प्रदान किया।

स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल

नंदा नगर जैसे दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्र में अल्ट्रासाउंड मशीन की उपलब्धता और प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र का शुभारंभ स्थानीय स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। हालांकि इस सुविधा का वास्तविक लाभ तभी सुनिश्चित होगा, जब अस्पताल में पर्याप्त तकनीकी स्टाफ उपलब्ध हो और अल्ट्रासाउंड जांच नियमित रूप से संचालित हो।

चमोली में 8 स्थानों पर आपदा प्रबंधन की मॉक ड्रिल, भूकंप से लेकर टनल हादसे तक परखी गई राहत-बचाव की तैयारियां

क्षेत्रवासियों को अब उम्मीद है कि नंदा नगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य सुविधाओं का और विस्तार होगा, जिससे विशेषकर गर्भवती महिलाओं और ग्रामीण परिवारों को स्थानीय स्तर पर बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिल सकेंगी।