नैनीताल में बड़ा सड़क हादसा, 8 की मौत,CM धामी ने जताया दुख

बताया जा रहा है जीप में क्षमता से ज्यादा लोग सवार थे। चालक का नियंत्रण जीप से हट गया, जिसके बाद जीप गहरी खाई में जा गिरी।


Nainital Road Accident: नैनीताल के ओखलकांडा ब्लॉक के छीड़ाखान-रीठासाहिब मोटर मार्ग में शुक्रवार की सुबह एक टैक्सी वाहन 500 मीटर खाई में गिर गई। हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि चालक का नियंत्रण जीप से हट गया जिसके बाद जीप गहरी खाई में जा गिरी।

CM धामी ने जताया दुख

हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई है। 2 लोग गंभीर रूप से घायल हैं , वहीं एक सामान्य है। । जीप में कुल 11 लोग सवार थे। वाहन में सवार लोग पीपलपानी में शामिल होने जा रहे थे। सीएम धामी ने इस हादसे पर दुख जताया है।

500 मीटर खाई में गिरा वाहन 

ग्रामीणों ने बताया कि आज शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे ये सड़क हादसा हुआ। उन्होंने बताया कि एक जीप खाई में गिर गई। जीप करीब 500 मीटर नीचे खाई में जा गिरी। ग्रामीणों ने खाई में उतरकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। घायलों को ग्रामीण रेस्क्यू कर सड़क पर लाए। इन घायलों को अस्पताल भेजा गया है।

ये भी पढ़ें: टनल में फंसी 40 जिंदगियों को बचाने की जद्दोजहद छठे दिन भी जारी

ग्रामीणों ने बताया कि सड़क सही नहीं होने के चलते वाहन अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा।

सड़क हादसे में जान गंवाने वाले लोग

नैनीताल सड़क हादसे में मारे गए 8 लोगों में धनी देवी उम्र 38 साल, तुलसी प्रसाद की उम्र 35 साल, रमा देवी उम्र 26 साल, तरुण पनेरू उम्र 5 साल, नरेश पनेरू उम्र 26 साल और देवीदत्त उम्र 51 साल डालकन्या गांव के रहने वाले थे। शिवराज सिंह उम्र 25 साल, नरेश सिंह उम्र 20 साल अघोड़ा गांव के निवासी थी।

हादसे में हुए घायलों के नाम

राजेंद्र पनेरू उम्र 36 साल और हेमचंद्र पनेरू उम्र 39 साल भी डालकन्या गांव निवासी थे।