Accident: उत्तराखंड के विकासनगर में कालसी-चकराता मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहां सहिया के पास लालपुल के समीप एक अनियंत्रित टाटा टियागो कार करीब 35 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के वक्त कार में दिल्ली और उत्तर प्रदेश के 5 पर्यटक सवार थे।
घटना की सूचना मिलते ही उप निरीक्षक जसपाल सिंह के नेतृत्व में एसडीआरएफ और पुलिस की टीम ने तुरंत मोर्चा संभाला। कार में तीन पुरुष और दो महिलाएं सवार थीं, जिनमें से दो लोगों को गंभीर और तीन को मामूली चोटें आई हैं।
रेस्क्यू टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद सभी को खाई से बाहर निकाला और एंबुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पताल भिजवाया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायल फिलहाल खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।
