6 माह बाद PAK से अचानक भारत वापस लौटी अंजू, जानें वजह

अलवर से पाकिस्तान गई अंजू अचानक भारत वापस आ गई है। उसकी एक तस्वीर भी सामने आई है। ऐसा बताया है कि वह अपने बच्‍चों से मिलकर पाकिस्‍तान लौट जाएगी।


Anju returned to India:  नसरुल्लाहके प्यार में पाकिस्तान गई अंजू छह माह बाद भारत वापस लौट आई है। अंजू बुधवार को अटारी-वाघा बॉर्डर के रास्ते भारत में दाखिल हुई। अंजू को वाघा बार्डर पर छोड़ने के लिए उसका पाकिस्‍तानी पति नसरुल्‍ला आया था। नसरुल्लाह ने दावा किया है कि अंजू अपने बच्‍चों से मिलने के लिए भारत गई है और वह जल्‍द ही पाकिस्‍तान लौट आएगी। फिलहाल, अभी वह बीएसएफ के कैंप में है। वहीं से उसकी पहली तस्वीर सामने आई है।

जरूर पाकिस्तान लौटेगी फातिमा – नसरुल्ला 

दरअसल, बीते दिन एक पाकिस्तानी यूट्यूबर को दिए इंटरव्यू में नसरुल्लाह ने बताया था कि वो खुद अंजू को वाघा बॉर्डर तक छोड़ने जाएगा। यहां भारत में वो अपने बच्चों से मिलेगी। अगर बच्चे अंजू के साथ पाकिस्तान आना चाहेंगे तो आ सकते हैं। लेकिन अगर वो भारत ही रहना चाहेंगे तो वो उनकी मर्जी है। नसरुल्लाह ने कहा था कि अंजू सिर्फ बच्चों की खातिर भारत आई है, क्योंकि उसे अपने बच्चों की बहुत याद आती है। अंजू के पाकिस्तानी पति ने कहा, वह निश्चित रूप से वापस आएंगी, क्योंकि पाकिस्तान अब उनका घर है।

 

अंजू से बनी थी फातिमा

बता दें कि अंजू राजस्थान में अलवर जिले के भिवाड़ी में अपने पति अरविंद और दो बच्चों के साथ रहती थी। वह टूरिस्ट वीजा पर पाकिस्तान घूमने गई थी, लेकिन बाद में पता चला कि वह खैबर पख्तूनख्वा में रहने वाले नसरुल्लाह से मिलने गई है। अंजू ने 25 जुलाई को अपने 29 साल के दोस्त नसरुल्लाह से निकाह किया था और उसने अपना नाम फातिमा रख लिया था। नसरुल्लाह का घर पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा के ऊपरी दीर जिले में है। दोनों साल 2019 में फेसबुक पर दोस्त बने थे।

सोशल मीडिया के जरिए हुई थी दोस्ती

नसरुल्लाह का कहना है कि अंजू से उसकी दोस्ती सोशल मीडिया के जरिए हुई थी। दोनों के बीच 4 साल से अफेयर चल रहा था। इस दौरान हमने हर दिन एक-दूसरे से बात की। नसरुल्‍ला ने दावा किया कि अंजू ने पहले शादी का प्रस्‍ताव रखा था। इसके बाद 21 जुलाई को अंजू वीजा लेकर पाकिस्तान उससे मिलने पहुंच गई। अंजू वाघा बॉर्डर के जरिए पहले इस्लामाबाद फिर खैबर पख्तूनख्वा पहुंची थी।

ये भी पढ़ें: वाह क्या बात है! चलती ट्रेन में कपल ने रचाई शादी, video वायरल

अंजू ने बच्चों को लेकर बोला था झूठ

हाल ही में नसरुल्लाह ने खुलासा किया था कि पहले अंजू ने उससे बच्चों को लेकर झूठ बोला था। अंजू ने बताया था कि उसका केवल एक ही बच्चा है। नसरुल्लाह ने बताया कि बाद में अंजू ने खुलासा किया कि उसकी एक बड़ी बेटी भी है। बता दें कि अपने बच्चों और पति को छोड़कर वह वैध कागजों के साथ पाकिस्तान चली गई थी। करीब 6 महीने बाद अब वापस लौटी है। हालांकि अभी ये साफ नहीं है कि अंजू हमेशा के लिए भारत लौटी है या फिर वापस पाकिस्तान जाएगी।

अंजू और भारतीय पति अरविंद में हो सकता है विवाद

अंजू के भारत लौटने पर अब उनके भारतीय पति अरविंद के साथ विवाद बढ़ सकता है। दरअसल, अंजू के बच्‍चे अरविंद के पास हैं और उन्‍होंने साफ कहा है कि अंजू को किसी भी सूरत में बच्‍चों से मिलने नहीं देंगे। लिहाजा माना जा रहा है कि अगर अंजू अपने बच्‍चों से मिलने की कोशिश करती है तो विवाद की स्थिति बन सकती है।