राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों का ऐलान, शमी समेत 26 को अर्जुन अवॉर्ड, 2 को खेल रत्न 

National Sports Awards: इस साल मिलने वाले खेल अवॉर्ड्स के लिए एथलीट्स के नामों का ऐलान कर दिया गया है। इसमें सबसे बड़ा सम्मान खेल रत्न अवॉर्ड बैडमिंटन की स्टार जोड़ी चिराग शेट्टी और सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी को मिलेगा। जबकि अर्जुन अवॉर्ड के लिए स्टार क्रिकेटर मोहम्मद शमी समेत 26 को भी शामिल किया गया है।


खेल मंत्रालय ने राष्ट्रीय खेल अवॉर्ड 2023 की घोषणा कर दी है। स्टार क्रिकेटर मोहम्मद शमी समेत 26 खिलाड़ियों को अर्जुन अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा। जबकि मेजर ध्यान चंद खेल रत्न अवॉर्ड से युवा बैडमिंटन स्टार चिराग शेट्टी और सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी को सम्मानित किया जाएगा। यह सभी अवॉर्ड इन खिलाड़ियों को अपने खेल में शानदार प्रदर्शन करने के लिए दिए जाएंगे।

राष्ट्रपति करेंगे खिलाड़ियों को सम्मानित

बता दें कि यह सभी राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 9 जनवरी 2024 को राष्ट्रपति भवन में एक बड़ा प्रोग्राम आयोजित करते हुए उसी दौरान दिए जाएंगे। यह घोषणा खेल मंत्रालय ने की है। यह सभी अवॉर्ड राष्ट्रपति द्वारा खिलाड़ियों को प्रदान किए जाएंगे।

ये भी पढ़ें: 20.50 करोड़…ऐतिहासिक बोली, ये स्टार बना IPL के इतिहास का सबसे महंगा खिलाड़ी

खेल मंत्रालय के मुताबिक, अलग-अलग समितियों की सिफारिशों के आधार पर और पूरी जांच पड़ताल के बाद सरकार ने इन सभी खिलाड़ियों, कोचों और संस्थाओं को अवॉर्ड के लिए चुना है। मंत्रालय ने सम्मानित होने वाले खिलाड़ियों, कोचों और संस्थाओं की सूची भी जारी की है।

वर्ल्ड कप में किया है कमाल

बता दें कि मोहम्मद शमी ने पिछले कुछ समय से टीम इंडिया के लिए दमदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने अपनी गेंदबाजी से सभी का दिल जीता है। शमी ने वनडे वर्ल्ड कप 2023 के 7 मैचों में 24 विकेट हासिल किए हैं। वह वनडे वर्ल्ड कप 2023 में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज थे। उनके शानदार खेल को देखते हुए उन्हें अर्जुन अवॉर्ड देने की घोषणा हुई है।

इन 26 खिलाड़ियों को मिलेगा अर्जुन अवॉर्ड

  1. ओजस प्रवीण देवताले- तीरंदाजी
  2. अदिति गोपीचंद स्वामी- तीरंदाजी
  3. श्रीशंकर एम- एथलेटिक्स
  4. पारुल चौधरी- एथलेटिक्स
  5. मोहम्मद हुसामुद्दीन- मुक्केबाजी
  6. आर वैशाली- शतरंज
  7. मोहम्मद शमी – क्रिकेट
  8. अनुष अग्रवाल- घुड़सवार
  9. दिव्यकृति सिंह- घुड़सवारी ड्रेसेज
  10. दीक्षा डागर- गोल्फ
  11. कृष्ण बहादुर पाठक – हॉकी
  12. पुखरामबम सुशीला चानू- हॉकी
  13. पवन कुमार- कबड्डी
  14. रितु नेगी- कबड्डी
  15. नसरीन- खो-खो
  16. पिंकी- लॉन कटोरे
  17. ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर- शूटिंग
  18. ईशा सिंह- शूटिंग
  19. हरिंदर पाल सिंह संधू- स्क्वाश
  20. अयहिका मुखर्जी- टेबल टेनिस
  21. सुनील कुमार- कुश्ती
  22. एंटीम- कुश्ती
  23. नाओरेम रोशिबिना देवी- वुशु
  24. शीतल देवी- पैरा तीरंदाजी
  25. इलूरी अजय कुमार रेड्डी- ब्लाइंड क्रिकेट
  26. प्राची यादव- पैरा कैनोइंग

खेल रत्न अवॉर्ड

  1. चिराग शेट्टी – बैडमिंटन
  2. सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी – बैडमिंटन