Chamoli: पोखरी के श्रीगढ़ गांव में फटी पेयजल लाइन, घरों में घुसा पानी, पाइपलाइन को गांव से बाहर शिफ्ट करने की मांग पर अड़े ग्रामीण

Chamoli:  जिले के विकासखंड पोखरी के श्रीगढ़ गांव में जल संस्थान की पोखरी पेयजल पुनर्गठन योजना की लाइन फटने से गांव में अफरा-तफरी मच गई। तेज दबाव के कारण लाइन में हुए धमाके से पानी आसपास के खेतों और रास्तों के साथ कुछ लोगों के घरों के अंदर तक घुस गया, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलने पर  तहसीलदार जिनेंद्र सिंह और जल संस्थान के अधीक्षण अभियंता सुशील सैनी ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने क्षतिग्रस्त लाइन का जायजा लेते हुए समस्या के समाधान के लिए ग्रामीणों को भरोसा दिया।

इस दौरान ग्रामीणों ने अधिकारियों के सामने नाराजगी जताते हुए कहा कि जब तक पेयजल योजना की लाइन को गांव के बीच से हटाया नहीं जाता, तब तक वे पानी के इस कार्य को आगे बढ़ने नहीं देंगे। ग्रामीणों का कहना है कि लाइन गांव के बीच से गुजरने के कारण भविष्य में भी इस तरह की घटनाएं होने का खतरा बना रहेगा।

Chamoli: गोपेश्वर में जन जन की सरकार 4 साल बेमिसाल, कार्यक्रम में 254 लोगों को मिला योजनाओं का लाभ

ग्रामीणों ने साफ कर दिया है कि जब तक लाइन को शिफ्ट करने की प्रक्रिया शुरू नहीं होती, वे पोखरी कस्बे को जाने वाली इस मुख्य लाइन की मरम्मत या पानी की आपूर्ति शुरू नहीं होने देंगे। ग्रामीणों ने कहा जिलाधिकारी के लिखित आश्वासन पर ग्रामीण पानी पोखरी जाने देंगे।