Chamoli: मुआवजे की मांग को लेकर धरने पर बैठे बहुगुणानगर सुभाषनगर के आपदा प्रभावित

Chamoli: विकासखण्ड कर्णप्रयाग में बहुगुणानगर और सुभाषनगर के आपदा प्रभावितों ने मुआवजे की मांग के लिए अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। प्रभावित परिवारों के साथ मंडी परिसर में धरने पर बैठ गए हैं। प्रभावितों ने कहा कि पहले सरकार उन्हें मुआवजा दें उसके बाद ट्रीटमेंट कार्य शुरू करें। प्रभावितों के आंदोलन के कारण ट्रीटमेंट के लिए आई मशीन दूसरे दिन भी काम नहीं कर पाई।

नगर के आपदा प्रभावित बहुगुणानगर में सिंचाई विभाग की ओर से करीब 50 करोड़ की लागत से ट्रीटमेंट का कार्य किया जाना है जिसके लिए बीते बुधवार को ड्रिलिंग मशीन मंडी परिसर में पहुंची थी। मगर प्रभावितों के विरोध के बाद मशीन काम नहीं कर पाई। बृहस्पतिवार को प्रभावित परिवारों ने मंडी परिसर में अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। प्रभावित हरिराम ने कहा कि चार साल से लगातार संघर्ष करने के बाद कुछ हाथ नहीं लग पा रहा है। लोग क्षतिग्रस्त मकानों में रह रहे हैं।

सरकार करोड़ों की लागत से ट्रीटमेंट कर रही है लेकिन प्रभावित परिवारों को मुआवजा देने के लिए कोई रुचि नहीं दिखा रही है। ऐसे में बारिश के मौसम में फिर से बेघर होने का खतरा मंडरा रहा है। वार्ड सभासद कमला रतूड़ी का कहना है कि ट्रीटमेंट का कोई विरोध नहीं है लेकिन सरकार पहले प्रभावितों को मुआवजा तो दे। उसके बाद अपना काम शुरू कर दे। इस मौके पर सभासद रीना रावत, पुष्कर रावत, संजय नौटियाल, मनवर रतूड़ी, सुधीर नेगी, सवीना आदि मौजूद रहे।

 

कोटट्रीटमेंट के लिए पाइलिंग मशीन परिसर में खड़ी है जबकि दूसरी पोकलेन मशीन हाईवे किनारे खड़ी है। मशीनों के काम न करने से ठेकेदार को नुकसान उठाना पड़ रहा है। – शुभम डोभाल सहायक अभियंता सिंचाई विभाग कर्णप्रयाग।