Chamoli डीएम-एसपी ने किया चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं का निरीक्षण

Chamoli: आगामी चारधाम यात्रा को सुचारू और सुरक्षित रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को जिलाधिकारी संदीप तिवारी और पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार ने यात्रा मार्ग का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने यात्रा व्यवस्थाओं का भौतिक निरीक्षण सत्यापन कर तैयारियों का जायजा लिया।

जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने गौचर में चारधाम यात्रा के लिए स्थापित पंजीकरण और चेकिंग केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्रों पर यात्रियों के लिए आवश्यक सुविधाओं, जैसे पेयजल, शौचालय, और प्राथमिक चिकित्सा की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। गौचर- कर्णप्रयाग क्षेत्र में यात्रियों के ठहरने की सुविधा पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों ने यह सुनिश्चित करने के लिए स्थानीय होटलों, धर्मशालाओं और अन्य रुकने की जगहों का निरीक्षण किया कि सभी आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध हैं। इसके साथ ही, यह सुनिश्चित किया गया कि यात्रा के दौरान किसी भी अप्रत्याशित स्थिति में यात्रियों को समुचित रुकने की व्यवस्था सहजता से मिले।

ये भी पढ़ें 👉:Chamoli: थराली विधायक ने किया आपदा प्रभावित क्षेत्र का दौरा, दिए ये निर्देश

मुख्य मार्ग अवरुद्ध होने पर वैकल्पिक मार्गों के बारे में भी अधिकारियों ने गहन चर्चा की। प्राकृतिक आपदाओं के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में सड़कें अवरुद्ध होना आम बात है। इस दृष्टिकोण से, अधिकारियों ने सुनिश्चित किया कि वैकल्पिक मार्ग भी यात्रियों के लिए सुरक्षित और सुगम हों। अधिकारियों ने स्लाइडिंग जोनों का भी निरीक्षण किया। इन क्षेत्रों में सुरक्षा मानकों का अनुपालन और आवश्यक एहतियात बरतने की आवश्यकता पर जोर दिया गया।

ये भी पढ़ें 👉:आजादी के 76 साल बाद इस गांव में पहुंची सड़क, ग्रामीणों ने मनाया जश्न

पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और यात्रा मार्ग पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। उन्होंने यात्रियों से भी यात्रा के दौरान प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने और सहयोग करने की अपील की।

जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारियों को यात्रा मार्ग पर खाद्य सामग्री का निरीक्षण करते हुए फिट उत्तराखंड अभियान के संचालन करने के भी निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने एनएचआईडीसीएल, पुलिस और बीआरओ के अधिकारियों को यात्रा मार्ग पर किए अतिक्रमण की चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जिससे यात्रा के दौरान यातायात को सुचारू रखा जा सके। यातयात के पुख्ता इंतजाम के लिए यात्रा मार्ग के बाजारों में खड़े होने वाले वाहनों की पार्किंग की समुचित व्यवस्था करने के आदेश दिए।

ये भी पढ़ें 👉:यहां बोल्डर के नीचे दबने से जेसीबी चालक की हुई मौत

आपदा प्रबंध अधिकारी को हाइवे बंद होने पर तीर्थयात्रियों के भोजन और आवास की व्यवस्था के लिए तहसील और अन्य विभागों से समन्वय कर पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए। लोनिवि को बदरीनाथ यात्रा मार्ग के सभी वैकल्पिक मार्गों का निरीक्षण कर सुव्यवस्थित करने के आदेश दिए। उन्होंने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय से यात्रा तैयारियों को समय से पूर्ण करने की बात कही।

ये भी पढ़ें 👉:Chardham yatra: स्वास्थ्य सचिव आर राजेश कुमार ने किया चमोली जिला अस्पताल का निरीक्षण

इस मौके पर अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, उपजिलाधिकारी राजकुमार पांडे, परियोजना निदेशक आनंद भाकुनी, पुलिस उपाधीक्षक अमित सैनी, आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदकिशोर जोशी, पर्यटन अधिकारी बृजेंद्र पांडे सहित सभी अधिकारी मौजूद थे।

Caveat Petition: कैविएट याचिका क्या है? वक्फ कानून विवाद में केंद्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में क्यों दर्ज की याचिका, जानें सबकुछ