Chamoli: उत्तराखंड के प्रसिद्ध मेलों में शुमार 74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेले का भव्य शुभारंभ हो गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विधिवत पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्ज्वलित कर सात दिवसीय मेले का उद्घाटन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने गौचर और गैरसैंण की महत्वपूर्ण पेयजल योजनाओं का लोकार्पण किया। साथ ही गौचर में प्रेस क्लब भवन निर्माण की मांग पर सकारात्मक आश्वासन भी दिया।

मुख्यमंत्री के गौचर पहुंचने पर उनका बैंड की मधुर धुनों, पुष्पमालाओं और पारंपरिक तरीके से भव्य स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री ने सर्वप्रथम मेले के संस्थापक स्वर्गीय गोविन्द प्रसाद नौटियाल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान स्थानीय विद्यालयों की छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति के विविध रंग बिखेरे। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने मुख्यमंत्री को गौचर मेले का शुभंकर भेंट कर उनका स्वागत किया।
गौचर मेला उत्तराखंड की ऐतिहासिक विरासत का प्रतीक : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि गौचर मेला उत्तराखंड की ऐतिहासिक विरासत, समृद्ध व्यापारिक परंपरा और सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है। वर्ष 1943 में भोटिया व्यापार मेले के रूप में शुरू हुआ यह आयोजन आज प्रदेश के प्रमुख औद्योगिक एवं सांस्कृतिक मेलों में अपनी विशिष्ट पहचान बना चुका है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प, व्यापार और पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ ही लोक संस्कृति के संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
36 करोड़ से अधिक की पेयजल योजनाओं का लोकार्पण
मेले के शुभारंभ अवसर पर मुख्यमंत्री ने अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत 32.45 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित गौचर नगरीय पेयजल योजना का लोकार्पण किया। इसके अलावा 4 करोड़ 59 लाख 32 हजार रुपये की लागत से गैरसैंण नगरीय पेयजल योजना के सुदृढ़ीकरण एवं मरम्मत कार्यों का भी लोकार्पण किया।
इन योजनाओं से संबंधित क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
दो विभूतियों को मिला स्मृति सम्मान-2026
कार्यक्रम के दौरान पत्रकारिता एवं साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए वरिष्ठ पत्रकार ललित प्रसाद लखेड़ा को ‘गोविन्द प्रसाद नौटियाल स्मृति सम्मान-2026′ से सम्मानित किया गया।
वहीं, वरिष्ठ लेखक एवं प्रकाशक कीर्ति नवानी को ‘पंडित महेशानन्द नौटियाल शिक्षा एवं साहित्य प्रसार सम्मान-2026′ प्रदान किया गया। मुख्यमंत्री ने दोनों विभूतियों के योगदान की सराहना करते हुए उनके कार्यों को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।
स्थानीय उत्पादों को मिलेगा बाजार, ग्रामीण महिलाओं में उत्साह
गौचर मेले में इस बार भी स्थानीय उत्पादों के विपणन और प्रचार-प्रसार के लिए विशेष अवसर उपलब्ध हो रहे हैं। मेले में ग्रामीण महिलाओं एवं स्थानीय उद्यमियों को अपने उत्पादों को प्रदर्शित करने और बाजार तक पहुंचाने का मंच मिल रहा है। इससे स्थानीय स्वरोजगार और महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
सात दिनों तक चलने वाले इस ऐतिहासिक मेले में व्यापारिक गतिविधियों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी के माध्यम से उत्तराखंड की लोक परंपरा, कला और उद्यमिता की झलक देखने को मिलेगी।
