Chamoli: कपीरी मोटर मार्ग की बदहाली पर फूटा क्षेत्रीय जनता का गुस्सा, सरकार का पुतला फूंका, CM धामी और PWD मंत्री को भेजा ज्ञापन

Chamoli: कर्णप्रयाग विकासखंड के कपीरी मोटर मार्ग की लंबे समय से बदहाल एवं जर्जर स्थिति को लेकर क्षेत्रीय जनता ने आज उत्तराखंड सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन करते हुए सरकार का पुतला दहन किया। प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री एवं PWD मंत्री के नाम ज्ञापन उपजिलाधिकारी महोदय, कर्णप्रयाग के माध्यम से प्रेषित किया गया।

क्षेत्रवासियों ने कहा कि कपीरी मोटर मार्ग की स्थिति बेहद चिंताजनक बनी हुई है। सड़क कई स्थानों पर बुरी तरह क्षतिग्रस्त है तथा दोनों किनारों पर मलबा और झाड़ियां जमा होने के कारण सड़क लगातार संकरी होती जा रही है। इससे वाहन चालकों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और दुर्घटना का खतरा लगातार बना हुआ है।

संजय रावत ने सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सरकार एक तरफ स्वास्थ्य, सड़क और विकास की बड़ी-बड़ी बातें करती है, लेकिन दूसरी तरफ जनता की लाइफ लाइन कही जाने वाली सड़क बदहाली का शिकार है। यह सड़क कभी भी किसी बड़ी अनहोनी का कारण बन सकती है। आखिर किसी बड़े हादसे के बाद ही सरकार और विभाग की नींद क्यों खुलेगी?

 

उन्होंने कहा कि सड़क पर सफर करने वाले स्कूली बच्चों, मरीजों, कर्मचारियों, किसानों और आम जनता की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जनता को भाषण और आश्वासन नहीं, सुरक्षित सड़क चाहिए।

ज्ञापन में कपीरी मोटर मार्ग की तत्काल मरम्मत एवं डामरीकरण कराने तथा सड़क के दोनों किनारों से मलबा और झाड़ियां हटाने की मांग की गई। क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। संजय रावत ने कहा कि अब केवल आश्वासन से काम नहीं चलेगा। यदि समय रहते सड़क की मरम्मत और सफाई नहीं कराई गई और कोई बड़ा हादसा हुआ, तो इसकी जिम्मेदारी सरकार एवं संबंधित विभाग की होगी।

Uttarakhand: पहाड़ की बेटी नंदी देवी ने अगरबत्ती से महकाया कारोबार, ‘तपौवन’ ब्रांड से ₹1 लाख महीने की कमाई

विरोध प्रदर्शन एवं ज्ञापन देने वालों में संजय रावत, लखपत लाल, पुष्कर रावत, प्रेम सिंह, आयुष नेगी, राहुल गुसाईं, हैप्पी रावत, धर्मवीर रावत, अबल तौपाल, पंकज, प्रदीप, मुकेश, सुरेंद्र सहित क्षेत्रीय लोग शामिल रहे।