Chamoli। बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग सहित जनपद के अन्य राष्ट्रीय राजमार्गों पर यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से चमोली पुलिस और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने संयुक्त पहल शुरू की है। सर्वोच्च न्यायालय के सड़क सुरक्षा संबंधी निर्देशों के अनुपालन में पुलिस कार्यालय गोपेश्वर में एक महत्वपूर्ण समन्वय गोष्ठी आयोजित की गई।
गोष्ठी में पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पुनीत कुमार मौजूद रहे। बैठक में बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर बढ़ती यातायात चुनौतियों, अनाधिकृत पार्किंग और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों को लेकर विस्तृत चर्चा करते हुए ठोस कार्ययोजना तैयार की गई।
सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का होगा सख्ती से पालन
बैठक में निर्णय लिया गया कि राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) और राष्ट्रीय राजमार्ग एवं अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड (NHIDCL) को सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों से अवगत कराते हुए उनका कड़ाई से पालन कराया जाएगा। साथ ही, राष्ट्रीय राजमार्गों पर अनाधिकृत रूप से खड़े वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
iRAD एप से होगी दुर्घटनाओं की मॉनिटरिंग
पुलिस उपाधीक्षक यातायात त्रिवेंद्र सिंह राणा ने जानकारी दी कि बद्रीनाथ हाईवे पर सड़क सुरक्षा के लिए ‘iRAD’ एप का प्रभावी उपयोग किया जा रहा है। इस एप के माध्यम से दुर्घटना का समय, वाहन का प्रकार, चालक की जानकारी, सड़क की स्थिति, मौसम और दृश्यता जैसे महत्वपूर्ण आंकड़े दर्ज किए जा रहे हैं।
Uttarakhand: ऑपरेशन सिंदूर के एक वर्ष पूरे, देहरादून में सेना के शौर्य को किया गया सलाम
उन्होंने बताया कि इसी डेटा के आधार पर हाईवे के ब्लैक स्पॉट्स की वैज्ञानिक पहचान कर वहां चेतावनी बोर्ड, तकनीकी सुधार और सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं, ताकि भविष्य में दुर्घटनाओं को कम किया जा सके।
सड़क सुरक्षा में जनसहभागिता जरूरी
सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पुनीत कुमार ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासनिक जिम्मेदारी नहीं बल्कि सामाजिक सहभागिता का विषय है। उन्होंने बताया कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के तहत जल्द ही जिला प्रशासन, पुलिस, परिवहन विभाग और अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ व्यापक समन्वय बैठक आयोजित की जाएगी।
इस दौरान मुख्य कानूनी सहायता रक्षा परामर्शदाता एडवोकेट समीर बहुगुणा भी मौजूद रहे।
