Chamoli: मनरेगा, पीएम आवास और स्वास्थ्य योजनाओं की समीक्षा, गढ़वाल सांसद ने मांगी रिपोर्ट

Chamoli:  गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने आज कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) बैठक की अध्यक्षता करते हुए विभिन्न केंद्र पोषित योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, कृषि, श्रम एवं पशुपालन विभाग सहित कई योजनाओं की प्रगति पर चर्चा की गई। सांसद ने अधिकारियों को योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समयबद्ध ढंग से पहुंचाने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान सांसद ने पीएमजीएसवाई के अंतर्गत डुमक-कलगोठ एवं निजमुला-गौणा-पाणा ईरानी मोटर मार्ग निर्माण कार्यों में देरी पर नाराजगी जताते हुए कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। वहीं बीएसएनएल अधिकारियों को नेटवर्क समस्या वाले डार्क जोन का विस्तृत मैप तैयार करने को कहा।

 

सांसद ने समाज कल्याण विभाग को लंबित पेंशन मामलों का शीघ्र निस्तारण करने तथा दिव्यांग पेंशन प्रकरणों में सक्रियता बढ़ाने के निर्देश दिए। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की समीक्षा के दौरान संस्थागत प्रसव, टीकाकरण एवं टीबी मुक्त अभियान को गति देने पर जोर दिया गया। साथ ही मेडिकल कॉलेज स्थापना हेतु उपयुक्त भूमि चिन्हित करने के निर्देश भी दिए गए।

 

जिलाधिकारी गौरव कुमार ने बैठक में जानकारी देते हुए बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में मनरेगा के तहत 12.64 लाख मानव दिवस सृजित किए गए हैं। जल जीवन मिशन के अंतर्गत 76,686 परिवारों को एफएचटीसी कनेक्शन दिए जा चुके हैं, जबकि पीएम आवास योजना के तहत 2,102 आवास पूर्ण किए गए हैं।

 

बैठक में बदरीनाथ विधायक लखपत बुटोला, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित