Dehradun: सस्ते में डॉलर का सौदा और फिर लाखों की लूट… मामले में तीन पुलिसकर्मी समेत 9 गिरफ्तार

ROBBERY CASE : उत्तराखंड में सस्ते में अमेरिकी डॉलर दिलाने के नाम पर डकैती का मामला सामने आया है। इसमें 3 पुलिसकर्मियों सहित कुल 9 आरोपियों को दून पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

ये है पूरा मामला

बता दें कि बीती दो फरवरी को पीड़ित यशपाल सिंह असवाल निवासी ऋषिकेश ने थाना प्रेम नगर में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वो प्रॉपटी का काम करते हैं और कुछ समय पहले उनकी मुलाकात कुंदन नेगी निवासी चमोली से हुई थी। कुंदन नेगी ने उनको बताया कि उसके परिचित राजेश रावत, राजेश चौहान और राजकुमार चौहान निवासी मोरी उत्तरकाशी के पास करीब 20,000 अमेरिकी डॉलर रखे हुए हैं, जिन्हें वो कम दाम में बदलवाना चाहते हैं। ऐसा कहकर पीड़ित को विश्वास में लेकर डॉलर का सौदा करीब आठ लाख रुपए में तय हुआ।

ये भी पढ़ें 👉:उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता लागू, यूसीसी पोर्टल पर अनिवार्य है विवाह और लिविंग रिलेशन का पंजीकरण

31 जनवरी 2025 को कुंदन नेगी के कहने पर पीड़ित यशपाल सिंह असवाल डॉलर का सौदा करने 7 लाख 50 हजार की रकम लेकर बालाजी मंदिर झाझरा के पास पहुंचा। यहां उन्हें राजेश रावत, राजेश चौहान, राजकुमार चौहान और एक अन्य व्यक्ति हसीन उर्फ अन्ना मिला। आपस में बात करने के दौरान अचानक वहां अन्य दो व्यक्ति भी आ गए, जो अपने आप को पुलिस वाला बताने लगे। इनमें एक व्यक्ति वर्दी में था और एक सादे कपड़ों में था। इन लोगों ने पीड़ित को डरा धमकाकर उसके पास रखा रुपयों का बैग छीन लिया और मारपीट व गाली गलौज कर उसे वहां से भगा दिया, हालांकि, जाते समय इन्होंने पीड़ित को ढाई लाख रुपए वापस कर दिए थे। पीड़ित की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ थाना प्रेमनगर में मुकदमा दर्ज किया गया।

तीन पुलिसकर्मी समेत 9 गिरफ्तार 

आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए थाना प्रेमनगर स्तर से पुलिस टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों को चेक किया और घटना में शामिल तीन पुलिसकर्मियों सहित कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जिसके बाद पुलिस ने अन्य दो आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया है। मामले में अब तक 9 गिरफ्तारी हो चुकी है। इनके कब्जे से दो लाख तीस हजार रुपये नकद और 500 डॉलर बरामद किए गए हैं।

नकली डॉलर की गड्डियां भी बरामद 

वहीं एसएसपी अजय कुमार ने बताया कि कल तक 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। आज दो मेन मास्टरमाइंड को रुड़की से गिरफ्तार किया गया है। इनके पास से नकली डॉलर की गड्डियां मिली हैं, जो दिखाकर लोगों को झांसे में लेकर उनसे पैसे लिया करते थे। सुसंगत धाराओं में डकैती में मुकदमा दर्ज किया गया है। 2 लाख 30 हजार रुपए की रिकवरी हो चुकी हैं। 2 गड्डियां और 500 डॉलर इसमें बरामद हुए हैं। 100 डॉलर के नोट हैं जिसमें 4 डॉलर असली है। बाकी सभी नकली डॉलर की गड्डियां थीं।

ये भी पढ़ें 👉:महाकुंभ 2025: तीसरे अमृत स्नान पर 1.98 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी; पंच धूनी तपस्या का हुआ आरंभ

एसएसपी ने बताया कि आरोपी असली डॉलर दिखाकर यकीन दिलाते थे कि उनके पास डॉलर हैं जिन्हें वो बदलवाना चाहते हैं। ऐसा झूठ इसलिए बोला जाता था ताकि कोई व्यापारी या कोई अन्य कोई इनके झांसे में आ जाए और उसे ये अपना शिकार बना लें। इसमें टोटल 9 लोग थे, सभी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

64 साल बाद बदल रहा इनकम टैक्स कानून: जानिए नए नियमों में क्या होगा खास