Lok Sabha Election: कांग्रेस ने जारी की 40 स्टार प्रचारकों की लिस्ट, उत्तराखंड में भरेंगे चुनावी हुंकार

Lok Sabha Election 2024: उत्तराखंड के लिए कांग्रेस ने स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी कर दी है। जिसमें केंद्र और प्रदेश के 40 नेताओं को शामिल किया गया है।


लोकसभा चुनाव की तैयारियां तेज हो गई हैं। एक तरफ जहां निर्वाचन आयोग देश में लोकसभा चुनाव को सकुशल संपन्न कराने की तैयारियों में जुटा हुआ है तो वहीं सभी राजनीतिक दल भी अपनी-अपनी रणनीति बनाने में जुटे हुए हैं। इसी क्रम में मंगलवार को कांग्रेस पार्टी ने उत्तराखंड में लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी की है। जिसमें केंद्र और प्रदेश के 40 नेताओं को शामिल किया गया है।

ये स्टार प्रचारक करेंगे चुनाव प्रचार

बता दें कि कांग्रेस पार्टी ने उत्तराखंड के लिए 40 स्टार प्रचारकों की जो लिस्ट जारी की है, उसमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा एवं पड़ोसी प्रदेश हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू समेत राष्ट्रीय स्तर के 10 नेताओं के नाम शामिल हैं।

ये भी पढ़ें ✍🏻:Manifesto: कांग्रेस ने जारी किया घोषणा-पत्र, जानें इस बार कौन-कौन से हैं बडे़ वादे….

पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह समेत उत्तराखंड से 30 नेता स्टार प्रचारक के रूप में मोर्चा संभालेंगे। इनमें पार्टी के सभी 18 विधायक भी सम्मिलित हैं। स्टार प्रचारकों की सूची में सलमान खुर्शीद समेत अल्पसंख्यक वर्गों के चार नेताओं को भी स्थान मिला है।

स्टार प्रचारकों में नहीं है सोनिया गांधी का नाम

उत्तराखंड की पांच लोकसभा सीट के लिए मतदान 19 अप्रैल को होना है। मतदान में एक पखवाड़े से कम समय बचा है। स्टार प्रचारकों की सूची जारी करने में पार्टी ने लंबा समय लिया। सूची में कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी का नाम नहीं है। प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, जितेंद्र सिंह, गुरदीप सिंह सप्पल, अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की अध्यक्ष अलका लांबा और अमरिंदर सिंह राजा वारिंग के नाम केंद्रीय स्तर से आने वाले स्टार प्रचारकों में सम्मिलित हैं।