Dehradun: मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) की ओर से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सफल नेतृत्व में राज्य सरकार के पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में अभिनंदन एवं स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया।


इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्चुअल माध्यम से कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पिछले पांच वर्षों की यात्रा सेवा, सुशासन और समर्पण की भावना से प्रेरित रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ने हर वर्ग के कल्याण और उत्तराखंड के समग्र विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं।

युवाओं को बताया संगठन की सबसे बड़ी ताकत
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि युवा संगठन की सबसे बड़ी शक्ति हैं। उन्होंने कहा कि युवा कार्यकर्ताओं की ऊर्जा, समर्पण और जनसेवा की भावना ही संगठन को मजबूती प्रदान करती है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने तथा बूथ स्तर पर संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का आग्रह किया।

विकसित उत्तराखंड के लक्ष्य को लेकर किया आह्वान
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड को वर्ष 2035 तक देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि युवाओं की भागीदारी से विकसित उत्तराखंड का सपना निश्चित रूप से साकार होगा।

समारोह के दौरान मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सरकार के पांच वर्षों की उपलब्धियों पर भी चर्चा की गई और कार्यकर्ताओं ने विकसित उत्तराखंड के संकल्प को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम में भारतीय जनता युवा मोर्चा के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
