Dehradun: डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने सोमवार को उत्तराखंड के नौवें राज्यपाल के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उन्हें नई जिम्मेदारी मिलने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि डॉ. बिसेन की नियुक्ति देवभूमि उत्तराखंड के लिए हर्ष का विषय है। उन्हें विश्वास है कि डॉ. बिसेन के लंबे राजनीतिक एवं प्रशासनिक अनुभवों का लाभ प्रदेश को मिलेगा। साथ ही, जनसेवा और संवैधानिक मर्यादाओं के प्रति उनकी निष्ठा राज्य में लोकतांत्रिक मूल्यों को और सुदृढ़ करेगी।
कौन हैं डॉ. ढाल सिंह बिसेन?
डॉ. ढाल सिंह बिसेन मध्य प्रदेश के वरिष्ठ भाजपा नेता हैं। उनका जन्म 14 मई 1952 को मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के पिपरिया गांव में हुआ था। पेशे से चिकित्सक और कृषक रहे डॉ. बिसेन का राजनीतिक सफर पंचायत स्तर से शुरू हुआ और वे आगे चलकर विधायक, कैबिनेट मंत्री और सांसद बने।
डॉ. बिसेन वर्ष 1990, 1993, 1998 और 2003 में मध्य प्रदेश की बरघाट विधानसभा सीट से विधायक चुने गए। वर्ष 2003 से 2005 तक उन्होंने मध्य प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में जिम्मेदारी निभाई। इस दौरान उन्होंने वन, परिवहन, खनिज, स्कूल शिक्षा और जेल जैसे विभागों का कार्यभार संभाला।
इसके बाद वर्ष 2011 से 2013 तक उन्होंने मध्य प्रदेश राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष के रूप में कार्य किया। वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा के टिकट पर बालाघाट सीट से जीत दर्ज कर वे 17वीं लोकसभा के सदस्य बने और 2024 तक सांसद रहे। अब उन्हें उत्तराखंड के राज्यपाल की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
Dhal Singh Bisen: उत्तराखंड के नए राज्यपाल बने डॉ. ढाल सिंह बिसेन, जानिए उनका सियासी सफर
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उम्मीद जताई कि डॉ. ढाल सिंह बिसेन के अनुभव और मार्गदर्शन से प्रदेश के विकास को नई दिशा मिलेगी।
