Dehradun: जिला सूचना कार्यालय देहरादून में डीआईपीआर डिजिटल पॉडकास्ट का औपचारिक शुभारंभ किया गया। सूचना महानिदेशक एवं एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने स्वयं पहला पॉडकास्ट रिकॉर्ड कर इस डिजिटल पहल की शुरुआत की।

इस अवसर पर महानिदेशक ने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में पॉडकास्ट सूचना और संवाद का एक बेहद प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है। इसके जरिए सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और जनहित से जुड़ी जानकारियों को आम जनता तक बेहद सरल और प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सकेगा।
कार्यक्रम के दौरान सूचना महानिदेशक ने सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रही ‘फेक न्यूज’ के बढ़ते प्रभाव पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि डिजिटल दौर में हर नागरिक की यह नैतिक जिम्मेदारी है कि वे किसी भी सूचना को आगे बढ़ाने या साझा करने से पहले उसकी सत्यता की भली-भांति जांच अवश्य करें।
