Doiwala: चर्चित शिक्षिका सृष्टि कंडारी दहेज हत्या मामले में दून पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मृतका के पति सौरभ खत्री और ननद सुरभि उर्फ चारू को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हर्रावाला स्थित लक्ष्मण एन्क्लेव से गिरफ्तार किया।

पौड़ी गढ़वाल निवासी मृतका की मां ने डोईवाला कोतवाली में दर्ज शिकायत में आरोप लगाया था कि शादी के बाद से उनकी बेटी सृष्टि कंडारी को दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था और ससुराल पक्ष ने उसकी हत्या कर दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी डोईवाला वंदना वर्मा के नेतृत्व में विशेष जांच टीम का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस को मृतका द्वारा अपनी मां को भेजा गया एक वीडियो मिला, जिसमें उसने ससुराल पक्ष द्वारा प्रताड़ना और मानसिक उत्पीड़न की बात कही थी। पुलिस के अनुसार, वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर शनिवार को पति और ननद को गिरफ्तार किया गया। दोनों से पूछताछ की जा रही है और मामले में नामजद अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच जारी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के अनुसार अन्य आरोपियों पर भी कार्रवाई की जाएगी।
