Doiwala: मानसून सीजन शुरू होने से पहले ही रानीपोखरी क्षेत्र में जाखन नदी को लेकर लोगों की चिंताएं बढ़ने लगी हैं। हर वर्ष मानसून के दौरान उफान पर आने वाली जाखन नदी आसपास के क्षेत्रों में भारी नुकसान पहुंचाती है, लेकिन इस बार भी सुरक्षा इंतजाम अधूरे नजर आ रहे हैं।
Uttarakhand: ऑनलाइन सट्टेबाजी पर STF का बड़ा प्रहार, 84 वेबसाइटें कराईं ब्लॉक
स्थानीय लोगों के अनुसार गत वर्ष जाखन नदी में आई बाढ़ के चलते रानीपोखरी का खेल मैदान, बिजली घर, हाट बाजार और पेट्रोल पंप तक खतरे की जद में आ गए थे। बाढ़ के कारण नदी किनारे भारी भू-कटाव भी हुआ था, जिससे आसपास के क्षेत्रों में नुकसान की आशंका और बढ़ गई थी।
बाढ़ के दौरान उस समय कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे थे और जल्द सुरक्षा दीवार सहित अन्य बचाव कार्य कराने का आश्वासन दिया गया था। हालांकि मानसून सीजन एक बार फिर करीब पहुंच चुका है, लेकिन जमीनी स्तर पर अभी तक सुरक्षा कार्य शुरू नहीं हो पाए हैं।
क्षेत्र के ग्राम प्रधान सुधीर रतूड़ी, भाजपा नेता अरुण शर्मा और बिजली विभाग के अधिकारियों ने भी नाराजगी जताते हुए कहा कि यदि इस बार भी जाखन नदी में बाढ़ आई तो क्षेत्र को बड़े नुकसान का सामना करना पड़ सकता है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द स्थायी सुरक्षा कार्य शुरू कराने और मानसून से पहले जरूरी इंतजाम करने की मांग की है, ताकि संभावित खतरे को टाला जा सके।
