Gujarat tragedy: गुजरात के भुज में हुए सड़क हादसे में जान गंवाने वाले उत्तराखंड के सातों लोगों का सोमवार को कोटद्वार के मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान सैन्य अधिकारियों, जवानों और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।
हादसे में नायक सौरभ सिंह नेगी, उनकी पत्नी सविता और तीन माह की बेटी शिविका, नायक राजेश सिंह रावत और उनकी बेटी रक्षिता के साथ नायक नितिन गुसाईं की पत्नी रिंकी और चार वर्षीय बेटी वामिका की मौत हुई थी। तीन परिवारों के सात सदस्यों को खोने से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष भी तीनों परिवारों के घर पहुंचीं और शोकाकुल परिजनों को सांत्वना दी।
वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस भीषण सड़क हादसे में गढ़वाल राइफल्स के दो जवानों एवं उनके परिवारों के सदस्यों के असामयिक निधन पर गहरा दुःख एवं संवेदना व्यक्त की है।
मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा कि इस दुर्घटना का समाचार अत्यंत व्यथित करने वाला है। यह हृदय विदारक घटना मन को भीतर तक झकझोर देने वाली है और इस असहनीय पीड़ा को शब्दों में व्यक्त करना कठिन है। उन्होंने कहा कि पूरा उत्तराखण्ड इस दुःख की घड़ी में शोकाकुल परिवारों के साथ मजबूती से खड़ा है।
