Haridwar: हरिद्वार में कुंभ 2027 की तैयारियों को लेकर पुलिस महकमा अब व्यवस्थाओं को जमीन पर उतारने में जुट गया है। तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे अपर पुलिस महानिदेशक प्रशासन एपी अंशुमान ने रोशनाबाद पुलिस कार्यालय में अधिकारियों के साथ बैठक कर निर्माण कार्यों से लेकर सुरक्षा व्यवस्था तक की समीक्षा की। एडीजी ने साफ निर्देश दिए कि कुंभ से जुड़े सभी निर्माण कार्य गुणवत्ता से समझौता किए बिना तय समय सीमा में पूरे किए जाएं।

बैठक में कुंभ क्षेत्र में पुलिस लाइन, यातायात पुलिस लाइन, जीआरपी लाइन, अस्थायी थाने-चौकियां, होल्डिंग एरिया और पार्किंग स्थलों की तैयारियों की जानकारी ली गई। इसके साथ ही मेला नियंत्रण भवन, सीसीटीवी कैमरों, ड्रोन, वाहनों, अग्निशमन उपकरण और भीड़ नियंत्रण से जुड़े संसाधनों की उपलब्धता पर भी मंथन हुआ। एडीजी ने स्नान पर्वों के दौरान आवश्यकता के हिसाब से पुलिस बल की तैनाती का प्लान पहले से तैयार करने को कहा।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कुंभ में हर स्नान पर्व महत्वपूर्ण है, इसलिए किसी एक आयोजन को लेकर अंतिम समय में व्यवस्था बनाने के बजाय पहले से विस्तृत प्लान तैयार रहना चाहिए। बैठक में बजट, अतिरिक्त संसाधनों और पुलिसकर्मियों की जरूरत की भी समीक्षा की गई। कुंभ मेला पुलिस अधिकारियों को सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध तरीके से जमीन पर उतारने के निर्देश दिए गए हैं।
