Karnaprayag में गैस गोदाम का निरीक्षण, वितरण व्यवस्था में खामियां उजागर, होटलों से कई सिलेंडर जब्त, एसडीएम ने दिए सुधार के निर्देश

Karnaprayag: जिलाधिकारी गौरव कुमार के निर्देशों के क्रम में उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं पारदर्शी गैस वितरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उपजिलाधिकारी सोहन सिंह रांगण एवं पूर्ति निरिक्षक द्वारा सिमली स्थित एण्डेन गैस गोदाम (कर्णप्रयाग गैस एजेंसी, जीएमवीएन) का निरीक्षण किया गया।

 

निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने बताया कि 14.2 किलोग्राम के 36, 10 किलोग्राम के 10, 5 किलोग्राम के 6 कमर्शियल एवं 15 घरेलू सिलेंडर तथा 19 किलोग्राम के 9 कमर्शियल सिलेंडर भरे हुए पाए गए। सिलेंडरों की नापतोल की जांच में सभी का वजन मानक के अनुरूप पाया गया तथा किसी प्रकार की अनियमितता नहीं मिली।

 

हालांकि, निरीक्षण के दौरान पूर्ति विभाग का एरिया मूवमेंट प्लान अव्यवस्थित मिला। साथ ही, गैस वितरण पर्चियों के रख-रखाव में भी खामियां पाई गईं। इस पर एसडीएम ने एजेंसी संचालक को ग्रामवार और बाजारवार गैस वितरण को सुव्यवस्थित करने तथा प्रतिदिन की रिपोर्ट उपजिलाधिकारी कार्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

 

इसके बाद, एसडीएम के नेतृत्व में पुलिस और खाद्य पूर्ति विभाग की एक संयुक्त टीम ने कर्णप्रयाग क्षेत्र के होटलों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में चेकिंग अभियान चलाया। जांच में पाया गया कि कई स्थानों पर गैस सिलेंडरों के अभिलेख उनकी क्षमता के अनुरूप नहीं थे। इस पर कार्रवाई करते हुए विभिन्न प्रतिष्ठानों से कई व्यावसायिक और घरेलू सिलेंडर जब्त किए गए।

 

उपजिलाधिकारी ने बताया कि उपभोक्ताओं के हितों की सुरक्षा और नियमों का अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए ऐसे निरीक्षण और चेकिंग अभियान भविष्य में भी नियमित रूप से जारी रहेंगे।