Paris Olympics: वॉक रेस में जलवा दिखाएंगे चमोली के परमजीत और टिहरी के सूरज

Paris Olympics 2024: 26 जुलाई से 11 अगस्त तक फ्रांस की राजधानी पेरिस में होने वाले ओलंपिक में उत्तराखंड के तीन खिलाड़ी परमजीत बिष्ट, सूरज पंवार और लक्ष्य सेन अपनी चमक बिखेरेंगे। 


Paris Olympics 2024: चमोली के परमजीत बिष्ट पेरिस में होने वाले ओलंपिक खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। 20 किमी वाक रेस में उनका चयन हुआ है।

वाक रेस में अब परमजीत दिखाएंगे जलवा

बता दें कि चमोली निवासी ओलिंपियन मनीष रावत के बाद अब वहीं के परमजीत सिंह बिष्ट पेरिस ओलंपिक में भारतीय टीम में नजर आएंगे। मंडल घाटी के खल्ला गांव निवासी परमजीत राजकीय इंटर कालेज बैरागना के पूर्व छात्र हैं। मौजूदा समय में परमजीत खेल कोटे से भारतीय नौसेना में सेवाएं दे रहे हैं।

परमजीत ने जापान में आयोजित एशियन वाक रेस चैंपियनशिप में नौवां स्थान प्राप्त कर पेरिस ओलंपिक के लिए क्वालीफाई किया। परमजीत ने खेल प्रशिक्षक गोपाल बिष्ट के निर्देशन में वर्ष 2017 में वाक रेस की तैयारी शुरू की थी। स्कूल गेम्स फेडरेशन आफ इंडिया के अंडर-17 व अंडर-19 आयु वर्ग के रिकार्ड भी परमजीत के नाम हैं। खेलो इंडिया में भी परमजीत ने स्वर्ण पदक जीता था।

पावर” दिखाने को बेकरार टिहरी के सूरज पंवार

परमजीत के साथ ही सूरज पंवार भी पेरिस में होने वाले ओलंपिक खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। पैदल चाल मिक्स्ड मैराथन में सूरज पंवार का चयन हुआ है। कई राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीत चुके सूरज ने वर्ष 2018 में यूथ ओलंपिक में 5,000 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीता था। सूरज यूथ ओलंपिक में ट्रैक एंड फील्ड इवेंट में पदक जीतने वाले पहले भारतीय एथलीट हैं। इसके अलावा उन्होंने वर्ष 2017 में थाइलैंड में आयोजित एशियन एथलेटिक चैंपियनशिप में हिस्सा लिया और वर्ष 2018 में इसी चैंपियनशिप में रजत पदक जीता।

ये भी पढ़ें 👉:38th National Games: सीएम ने की राज्य में होने वाले 38 वें राष्ट्रीय खेलों के आयोजन की समीक्षा

वर्ष 2022 में मस्कट (ओमान) और स्पेन में सीनियर विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप व विश्व ग्रैंड प्रिक्स में भी सूरज ने हिस्सा लिया। उनके कोच व पिथौरागढ़ जिले के क्रीड़ा अधिकारी अनूप बिष्ट ने सूरज को ओलंपिक चयन पर बधाई दी है। उन्होंने कहा कि सूरज ने काफी मेहनत की है। इस बार पेरिस के आसमान में सूरज की चमक बिखरेगी।

उत्तराखंड के बेटे फहराएंगे तिरंगा 

बता दें कि उत्तराखंड के रहने वाले लक्ष्य सेन पहले से ही देश का प्रतिनिधित्व बैडमिंटन में कर रहे हैं। लक्ष्य राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में कई पदक जीत चुके हैं। इसके लिए उन्हें वर्ष 2022 में अर्जुन पुरस्कार से नवाजा जा चुका है। अब उनके बाद परमजीत बिष्ट और सूरज पंवार भी अब प्रदेश और देश का मान बढ़ाते हुए पेरिस में दिखाई देंगे।

पेरिस ओलंपिक के लिए चयन होने पर खुशी

उत्तराखंड एथलेटिक्स संघ के सचिव के जेएस कालसी की तरफ से जारी किए गए बयान में कहा गया है कि भारतीय ओलंपिक संघ ने उत्तराखंड के दो एथलीट को भारतीय टीम में जगह दी है। इसने न केवल प्रदेश बल्कि देश को गौरवान्वित किया है। उन्हें उम्मीद है कि दोनों ही खिलाड़ी पेरिस में भारत का नाम रोशन करेंगे। अपने खेल के प्रति समर्पित और अनुशासित परमजीत और सूरज पर एथलेटिक्स संघ को भरोसा है कि वह पेरिस में इतिहास रचेंगे। वहीं उत्तराखंड की खेल मंत्री ने परमजीत और सूरज का पेरिस ओलंपिक के लिए चयन होने पर खुशी जताई है।

26 जुलाई से ओलंपिक की शुरुआत

फ्रांस की राजधानी पेरिस में 26 जुलाई से ओलंपिक की शुरुआत होगी। खेलों का यह महाकुंभ 11 अगस्त तक आयोजित होगा। भारत के 100 से अधिक एथलीट पेरिस ओलंपिक में हिस्सा लेंगे। इनमें से टॉप-10 पदक दावेदारों में नीरज चोपड़ा पहले स्थान पर हैं।