Pauri: जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में आयोजित जिला संचार समिति की बैठक में दूरस्थ एवं संचार सुविधा से वंचित क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क और दूरसंचार सेवाओं के विस्तार, नेटवर्क गुणवत्ता में सुधार तथा स्वीकृत मोबाइल टावरों की स्थापना में तेजी लाने की समीक्षा की गई। उन्होंने कमजोर नेटवर्क एवं संचार विहीन क्षेत्रों का सर्वे शीघ्र पूर्ण कर आवश्यक कार्ययोजना तैयार करते हुए नेटवर्क विस्तार कार्यों को गति देने के निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि पंचायत राज विभाग के सर्वेक्षण में जनपद के 92 गांव ऐसे चिन्हित किए गए थे, जहां मोबाइल नेटवर्क अत्यंत कमजोर था अथवा संचार सुविधा उपलब्ध नहीं थी। इनमें से 16 स्थानों को मोबाइल संचार सुविधा से जोड़ा जा चुका है, 8 स्थानों पर कार्य प्रगति पर है तथा शेष क्षेत्रों में सर्वे एवं आवश्यक कार्रवाई जारी है। साथ ही विद्युत संयोजन के अभाव में बंद पड़े सभी स्वीकृत मोबाइल टावरों को विद्युत सुविधा उपलब्ध कराकर संचालित कर दिया गया है।
जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों को संचार सेवाओं की नियमित समीक्षा, शिकायतों के त्वरित निस्तारण तथा विभागों एवं संचार कंपनियों के साथ समन्वय स्थापित कर समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने लैंसडौन क्षेत्र में स्वीकृत दो मोबाइल टावरों की स्थापना का कार्य शीघ्र प्रारंभ करने को भी कहा।
संचार सेवाओं की गुणवत्ता संबंधी शिकायतों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर को स्थानीय स्तर पर फीडबैक लेकर वास्तविक स्थिति का परीक्षण करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी विभागों और संचार कंपनियों को सड़क निर्माण एवं अन्य कार्यों के दौरान ऑप्टिकल फाइबर केबल और संचार लाइनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा पूर्व समन्वय के साथ कार्य करने को कहा।
बैठक में अपर जिलाधिकारी एफ.आर. चौहान, एडीपीआरओ प्रदीप सुंदरियाल, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर सचिन भट्ट, जेटीओ बीएसएनएल सुमित शर्मा, सहायक अभियंता रणवीर सिंह, अधिशासी अधिकारी संजय कुमार सहित सभी उपजिलाधिकारी एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
