Pitbull Attack: बुजुर्ग महिला पर पिटबुल ने किया हमला, पूरे शरीर को बुरी तरह नोंचा

Pitbull Attack: पिटबुल ने एक बुजुर्ग महिला के मुंह समेत शरीर के कई हिस्सों को बुरी तरह नोच डाला है। आसपास के लोगों ने महिला को कुत्ते से छुड़ाकर सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। वहां से गंभीर हालत में एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया है। महिला के बेटे ने कुत्ते के स्वामी के खिलाफ केस दर्ज करा दिया है।


Pitbull dog Attack: पिटबुल डॉग के हमले दिन पर दिन बढ़ते जा रहे हैं। अब तक कई लोग पिटबुल के जानलेवा हमले का शिकार हो चुके हैं। अब नया मामला रुड़की का है। यहां पिटबुल नस्ल के कुत्ते ने एक बुजुर्ग महिला पर अचानक हमला बोल दिया और महिला के मुंह समेत शरीर के कई हिस्सों को बुरी तरह नोच डाला है। आसपास के लोगों ने महिला को कुत्ते से छुड़ाकर सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। वहां से गंभीर हालत में एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया है। महिला के बेटे ने कुत्ते के स्वामी के खिलाफ केस दर्ज करा दिया है।

घर के बाहर से गुजर रही थी बुजुर्ग महिला 

जानकारी के अनुसार सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के ढंढेरा निवासी संजय पुत्र भोपाल सिंह ने पुलिस को बताया कि उनकी मां केला देवी शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे किसी काम से पोस्ट ऑफिस वाली गली में जा रही थी। एक घर के सामने से गुजरने के दौरान खतरनाक नस्ल के कुत्ते ने घर से निकलकर उनपर जानलेवा हमला कर दिया। आसपास के लोगों ने शोर मचाकर किसी तरह उनको छुड़ाया।

बुजुर्ग महिला को किया गया हायर सेंटर रेफर

इसके बाद गंभीर हालत में उनको रुड़की सिविल अस्पताल ले जाया गया। जहां एंटी रैबीज और सिरम इंजेक्शन दिया गया। चिकित्सकों ने बताया कि महिला को बुरी तरह नोंचा हुआ था। बुजुर्ग महिला की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।

ये भी पढ़ें: 35 बच्चों से भरी स्कूल बस में लगी भीषण आग, सभी सुरक्षित

कुत्ता मालिक के खिलाफ केस दर्ज

पुलिस ने इस मामले को गंभीर मानते हुए कुत्ता मालिक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोतवाली प्रभारी आरके सकलानी ने बताया कि नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।