आप हमारे दिलों के करीब हैं…PM मोदी ने सुनीता विलियम्स के नाम लिखा पत्र, भारत आने का दिया न्योता

Sunita Williams: भारतीय मूल की अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स धरती पर लौटने वाली हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुनीता विलियम्स के नाम एक भावपूर्ण पत्र लिखकर उनकी सुरक्षित वापसी की कामना की है।


नासा की भारतीय मूल की अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स और बुच विल्मर करीब नौ महीने तक अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर ‘फंसे’ रहने के बाद अब धरती पर लौट रहे हैं। पूरी दुनिया की नजर उनकी सुरक्षित वापसी पर है। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुनीता विलियम्स को एक भावुक पत्र लिखकर देश के 1.4 अरब लोगों की भावनाओं को व्यक्त किया है। पीएम मोदी ने अपने इस पत्र में लिखा है कि भले ही आप हमसे हजारों मील दूर हों, लेकिन आप हमारे दिल के करीब हैं।

PM मोदी ने सुनीता विलियम्स को लिखा पत्र 

पत्र में पीएम मोदी ने सुनीता के लिए शक्ति और साहस की कामना करते हुए उनकी सुरक्षित वापसी की प्रार्थना की है। उन्होंने लिखा कि आप भारत की आन, बान और शान हैं। आपकी उपलब्धियां हर भारतीय के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।

भारत आने का दिया न्यौता

पीएम ने आगे कहा कि मुझे 2016 में अमेरिका की अपनी यात्रा के दौरान आपके साथ मुलाकात की याद आती है। पीएम ने कहा कि आपकी वापसी के बाद हम भारत में आपसे मिलने को उत्सुक हैं। भारत के लिए अपनी सबसे प्रतिभाशाली बेटियों में से एक की मेजबानी करना खुशी की बात होगी। यह पत्र अंतरिक्ष यात्री माइक मासिमिनो के माध्यम से सुनीता तक पहुंचाया गया है, जिनसे पीएम मोदी ने हाल ही में एक कार्यक्रम में मुलाकात की थी।

बता दें कि सुनीता विलियम्स और बैरी “बुच” विल्मोर की यह यात्रा 10 महीने पहले पूरी होनी थी। उन्हें आठ दिन के मिशन के बाद वापस आना था, लेकिन तकनीकी कारणों से उनकी वापसी में देरी हो गई।

फ्लोरिडा में उतरेगा सुनीता का एयरक्राफ्ट

नासा के अनुसार, सुनीता विलियम्स और तीन अन्य अंतरिक्ष यात्रियों को लेकर आने वाला अंतरिक्ष यान कुछ ही घंटों में आईएसएस से अलग होगा और मंगलवार शाम 5:57 बजे (अमेरिकी समयानुसार) फ्लोरिडा के समुद्र में उतरेगा। भारतीय समय के अनुसार, यह बुधवार तड़के करीब 3 बजे होगा। ड्रैगन नामक इस अंतरिक्ष यान का दल रात 11:15 बजे (अमेरिकी समयानुसार) यानी भारत में मंगलवार सुबह 8:45 बजे आईएसएस से अलग होने और हैच बंद करने की प्रक्रिया शुरू करेगा।

ये भी पढ़ें 👉:“अमेरिका में पाकिस्तानियों समेत 43 देशों पर ‘नो एंट्री’! ट्रंप प्रशासन ने जारी की तीन स्तरीय बैन लिस्ट”

नासा अपने स्पेसएक्स कार्यक्रम के तहत इस वापसी यात्रा का सीधा प्रसारण करेगा। यह नासा और एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स का संयुक्त मिशन है, जिसे “स्पेसएक्स क्रू 9” कहा जाता है।