Punjab: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ‘नशा मुक्त पंजाब, नशा मुक्त भारत’ के संकल्प के साथ पंजाब पहुंचे। होशियारपुर के मुकेरियां में आयोजित विशाल रोड शो में मुख्यमंत्री धामी ने हिस्सा लिया और पंजाब की जनता, खासकर युवाओं से नशे के खिलाफ एकजुट होकर निर्णायक लड़ाई लड़ने का आह्वान किया।
रोड शो के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने नशे के बढ़ते प्रभाव को लेकर युवाओं और समाज को जागरूक रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति के जीवन को प्रभावित नहीं करता, बल्कि इसका असर पूरे परिवार और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य पर पड़ता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं की ऊर्जा और क्षमता देश के विकास और राष्ट्र निर्माण में लगनी चाहिए। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और समाज को भी नशामुक्त बनाने में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया।
CM धामी ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें समाज के हर वर्ग की भागीदारी जरूरी है। परिवार, युवा, सामाजिक संगठन और आम नागरिक मिलकर इस अभियान को मजबूत बना सकते हैं।
उन्होंने कहा कि नशा मुक्त पंजाब’ से ‘नशा मुक्त भारत की दिशा में आगे बढ़ने के लिए सामूहिक संकल्प और निरंतर प्रयास जरूरी हैं। युवाओं को सही दिशा और सकारात्मक अवसर उपलब्ध कराकर उनकी ऊर्जा को राष्ट्र निर्माण में लगाया जा सकता है।
मुख्यमंत्री ने पंजाब की जनता और युवाओं से नशे के खिलाफ एकजुट होकर निर्णायक लड़ाई लड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि एक स्वस्थ और नशामुक्त युवा पीढ़ी ही देश को मजबूत और विकसित भारत की दिशा में आगे ले जा सकती है।
