जलागम विभाग की समीक्षा: राज्य की दो नदियों को चिन्हित कर पुनर्जीवित करने के लिए किया जाए काम : सीएम धामी 

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरूवार को जलागम प्रबन्ध निदेशालय इन्द्रानगर में जलागम विभाग की समीक्षा की। इस दौरान सीएम ने अधिकारियों को प्रारंभिक चरण में राज्य की दो नदियों को चिन्हित कर उनके पुनर्जीवीकरण की दिशा में कार्य करने के निर्देश दिए।

सीएम ने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के साथ ही विभाग को लोगों की आजीविका को बढ़ाने की दिशा में भी विशेष ध्यान देना चाहिए। केन्द्र सरकार से सहायतित योजनाओं को शीर्ष प्राथमिकता में रखा जाए। स्प्रिंग एण्ड रिवर रिजुविनेशन प्राधिकरण द्वारा प्राकृतिक जल स्रोतों एवं वर्षा आधारित नदियों के पुनरोद्धार के लिए लघु एवं दीर्घकालिक उपचार कार्य योजनाएं बनाकर उनका मूल्यांकन व अनुश्रवण भी किया जाए।

इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को जलागम विकास परियोजनाओं के नियोजन एवं क्रियान्वयन के लिए सतत जल संसाधन प्रबन्धन, सतत भूमि एवं पारिस्थितिकी प्रबंधन, जलवायु परिवर्तन न्यूनीकरण और जैव विविधता संरक्षण को ध्यान में रखते हुए कार्य करने एवं जलागम की योजनाओं में महिलाओं की भागीदारी को बढ़ाए जाने के निर्देश दिए।

ये भी पढ़ें 👉:Tilu Rauteli Awards: उत्तराखंड की 13 वीरांगनाओं को मिला तीलू रौतेली पुरस्कार, 32 आंगनबाड़ी पुरस्कार से सम्मानित

वही कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का धन्यवाद दिया साथ ही कहा कि इस बैठक में ग्रीन हाउस गैस को कम करने और लोगों के रोजगार बढ़ाने के लिए चर्चा की गई।