राज्यस्तरीय खेल महाकुंभ का शुभारंभ, नेशनल रिकॉर्ड तोड़ने वाले खिलाड़ियों को मिलेगा एक लाख

State level khel Mahakumbh: मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि राज्य स्तरीय खेल महाकुंभ में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को स्पोर्ट्स किट प्रदान की जाएगी। वहीं खेल मंत्री ने कहा कि जो खिलाड़ी राष्ट्रीय खेल का रिकॉर्ड तोड़ेंगे उन्हें नगद 1 लाख की धनराशि से सम्मानित किया जाएगा।


देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज रायपुर में राज्य स्तरीय खेल महाकुंभ का शुभारंभ किया। राज्य के सभी जनपदों से राज्य स्तरीय खेल महाकुंभ में प्रतिभाग करने आये खिलाड़ियों के बीच जाकर मुख्यमंत्री ने उनका उत्साह बढ़ाया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि राज्य स्तरीय खेल महाकुंभ में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को स्पोर्ट्स किट प्रदान की जाएगी। राज्य स्तरीय खेल महाकुंभ के शुभारंभ के अवसर पर बालक वर्ग की 800 मीटर दौड़ स्पर्धा के प्रथम तीन स्थान पाने वाले खिलाड़ियों को मुख्यमंत्री ने पुरस्कृत भी किया। राज्य स्तरीय खेल महाकुंभ में 13 जनपदों की 13 टीमें प्रतिभाग कर रही हैं।

खेलों में प्रदेश की बेटियां भी बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रही

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य स्तर पर आयोजित होने वाला यह खेल महाकुंभ उत्तराखण्ड के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने के लिए एक उत्कृष्ट मंच प्रदान कर रहा है। खेल महाकुंभ का आयोजन पहले पंचायत स्तर पर फिर ब्लॉक स्तर पर फिर जिला स्तर पर खेलने के पश्चात खिलाड़ी अब राज्य स्तर पर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि यह गौरव का विषय है कि इस खेल महाकुंभ में हमारे प्रदेश की बेटियां भी बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रही हैं। उन्होंने कहा कि यह युवाओं की प्रतिभा का ही कमाल है कि आज विश्व पटल पर नए भारत का मान बढ़ रहा है। आज हमारे युवा खिलाड़ियों द्वारा विभिन्न खेलों में राष्ट्रीय एवं अन्तरराष्ट्रीय स्तर पर भारत के सामर्थ्य का परिचय कराया जा रहा है।

38वें राष्ट्रीय खेलों के लिए खिलाड़ियों को तैयार करना 

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस खेल महाकुंभ का उद्देश्य खिलाड़ियों को आगामी 38वें राष्ट्रीय खेलों के लिए भी तैयार करना है। 38वें राष्ट्रीय खेल की मेजबानी उत्तराखण्ड करेगा। जिससे राज्य के युवाओं को अपनी प्रतिभा को दिखाने का मौका मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार उत्तराखंड को “सर्वश्रेष्ठ उत्तराखण्ड“ बनाने हेतु प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। राज्य सरकार सरकार युवाओं को बेहतर शिक्षा और बेहतर खेल सुविधायें प्रदान करने के लिए कृतसंकल्पित है।

राष्ट्रीय खेल के आयोजन के लिए राष्ट्रीय खेल सचिवालय का गठन 

सीएम ने कहा कि किसी लक्ष्य तक कैसे पहुंचे यह सिखाने का काम खेल करता है। राज्यस्तरीय यह खेल महाकुंभ राज्य के खिलाड़ियो को अवसर देने का काम करता है। आज खिलाड़ी अपनी प्रतिभा के दम पर राज्य स्तर पर पहुंच सकता है। राज्य सरकार खेल को बढ़ावा देने के लिए लगातार खिलाड़ियो को प्रोत्साहित कर रही है। प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में देश लगातार आगे बढ़ रहा है। आज देश विदेश में भारत का मान सम्मान बढ़ रहा है। खेलो में भी हमारे खिलाड़ी भारत के नाम को रोशन करने का काम कर रहे है। राष्ट्रीय खेल के आयोजन के लिए सरकार ने राष्ट्रीय खेल सचिवालय का गठन किया है।

ये भी पढ़ें: 20.50 करोड़…ऐतिहासिक बोली, ये स्टार बना IPL के इतिहास का सबसे महंगा खिलाड़ी

 खेल महाकुंभ में रिकॉर्ड तोड़ने वाले खिलाड़ी को नगद 1 लाख की धनराशि 

वहीं खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि यह गौरव का विषय है कि राज्य को 38 वे राष्ट्रीय खेलो की मेजबानी करने का अवसर मिला है। कहा कि आज राज्य में खेल प्रतिभाओं की कमी नही है बस जरूरत है तो उनकी प्रतिभा को निखारने की। कहा कि माननीय मुख्यमंत्री धामी जी के नेतृत्व में खेल और खिलाड़ियो के लिए सरकार ने कई योजनाएं चलाई है। इस वर्ष राज्य सरकार ने पहली बार परंपरागत खेल जिसमे मलखंब और मुर्गा झपट है को शामिल किया है। कहा कि राज्यस्तरीय खेल महाकुंभ में जो खिलाड़ी राष्ट्रीय खेल का रिकॉर्ड तोड़ेंगे उन्हें नगद 1 लाख की धनराशि से सम्मानित किया जाएगा।