Thalapathy Vijay: तमिलनाडु में विजय युग की शुरुआत, मुख्यमंत्री पद संभालते ही किए बड़े ऐलान

Thalapathy Vijay:  तमिलगा वेट्री कझगम (टीवीके) प्रमुख सी. जोसेफ विजय ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेकर राज्य की राजनीति में नए युग की शुरुआत कर दी है। चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित भव्य समारोह में राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ ने विजय समेत नौ मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। समारोह में कई राष्ट्रीय और क्षेत्रीय दलों के प्रमुख नेता मौजूद रहे।

 

धर्मनिरपेक्ष और सामाजिक न्याय आधारित शासन का दावा

मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद विजय ने अपने पहले संबोधन में कहा कि यह केवल सत्ता परिवर्तन नहीं, बल्कि धर्मनिरपेक्षता, सामाजिक न्याय और पारदर्शी शासन की नई शुरुआत है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार जनता के विश्वास पर खरा उतरने का प्रयास करेगी और हर फैसला जनहित में लिया जाएगा

पिछली सरकार पर लगाया भारी कर्ज का आरोप

विजय ने कहा कि उन्होंने लगभग 10 लाख करोड़ रुपये के भारी कर्ज के बीच सरकार की जिम्मेदारी संभाली है। उन्होंने पिछली सरकारों पर राज्य की आर्थिक स्थिति को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जल्द ही राज्य की वित्तीय स्थिति पर श्वेत पत्र जारी किया जाएगा, ताकि जनता को पूरी जानकारी मिल सके।

200 यूनिट मुफ्त बिजली और महिला सुरक्षा पर पहला फैसला

मुख्यमंत्री बनने के तुरंत बाद विजय ने महिलाओं की सुरक्षा के लिए विशेष बल के गठन और घरेलू उपभोक्ताओं को 200 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने से जुड़ी पहली फाइलों पर हस्ताक्षर किए। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार जनता से किए गए वादों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करेगी।

सत्ता का कोई दूसरा केंद्र नहीं होगा: विजय

सीएम विजय ने स्पष्ट किया कि उनकी सरकार में सत्ता का कोई दूसरा केंद्र नहीं होगा। उन्होंने कहा कि सरकार पूरी पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ काम करेगी तथा जनता को झूठे वादों से गुमराह नहीं किया जाएगा।

राहुल गांधी और खरगे ने दी बधाई

शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी शामिल हुए। राहुल गांधी ने कहा कि तमिलनाडु ने नई सोच और नई पीढ़ी को नेतृत्व का अवसर दिया है। वहीं कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने विजय और टीवीके सरकार को बधाई देते हुए इसे सामाजिक न्याय और आत्म-सम्मान की राजनीति की नई दिशा बताया

पीएम मोदी को कहा धन्यवाद

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा भेजी गई शुभकामनाओं के लिए मुख्यमंत्री विजय ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी सरकार तमिलनाडु के विकास, प्रगति और जनकल्याण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करेगी।