Dehradun में दिनदहाड़े ट्रिपल मर्डर से सनसनी, लूट के इरादे से घर में घुसे बदमाशों ने बेरहमी से किया बुजुर्ग दंपती और नौकरानी का कत्ल

Dehradun: राजधानी देहरादून में मंगलवार को दिनदहाड़े ट्रिपल मर्डर की वारदात से सनसनी फैल गई। थाना रायपुर क्षेत्र की विष्णुलोक कॉलोनी में बदमाशों ने घर में घुसकर बुजुर्ग दंपती और उनकी नौकरानी की हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

जानकारी के मुताबिक बदमाश दोपहर करीब तीन बजे लूट के इरादे से घर में घुसे थे। इसी दौरान उन्होंने तीनों पर पेचकस से हमला कर दिया।

वारदात की सूचना मिलते ही रायपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद विष्णुलोक कॉलोनी में दहशत का माहौल है। पुलिस घटना के पीछे लूट के साथ-साथ अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है।

घटना की सूचना के बाद एसएसपी देहरादून समेत पुलिस के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जानकारी ली। अब पुलिस हिरासत में लिए गए आरोपी से पूछताछ कर रही है और पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा किया जाएगा।