Uttarakhand: गढ़वाल में ABVP का जलवा तो कुमाऊं में निर्दलीयों का दम, छात्रसंघ चुनाव के चौंकाने वाले नतीजे

Uttarakhand: उत्तराखंड के डिग्री कॉलेजों में हुए छात्रसंघ चुनाव में मिले नतीजों में गढ़वाल मंडल में जहां ABVP का दबदबा देखने को मिला. वहीं कुमाऊं में निर्दलीय प्रत्याशियों में अपना लोहा मनवाया है.

गढ़वाल मंडल के 55 डिग्री कॉलेजों में से 23 पर ABVP का अध्यक्ष बने, 17 कॉलेजों में NSUI, जबकि 15 कॉलेजों में निर्दलीयों ने बाजी मारी है. वहीं दूसरी ओर कुमाऊं मंडल के 51 कॉलेजों में 25 निर्दलीय अध्यक्ष चुने गए. ABVP के 16, जबकि 7 कॉलेजों में NSUI के अध्यक्ष चुने गए हैं.

डीएवी पीजी कॉलेज में ABVP

छात्र संघ चुनाव के नतीजों में देहरादून के DAV पीजी कॉलेज में ABVP के नवदीप राणा अध्यक्ष चुने गए. कॉलेज में लगातार दूसरी बार ABVP का अध्यक्ष बना है.जबकि उपाध्यक्ष पद पर शैलेन्द्र सिंह 2388 मत पाकर निर्वाचित हुए हैं।हालांकि, महासचिव पद पर निर्दलीय नीलांश शर्मा ने जीत दर्ज की.

देहरादून डीबीएस में NSUI फिर जीती

देहरादून के डीबीएस कॉलेज में एक बार फिर से अध्यक्ष पद पर एनएसयूआई ने अपना परचम लहराया है. यहां एनएसयूआई के अभिनव कफ़लिया ने अध्यक्ष पद पर अपनी जीत दर्ज कराई है. अभिनव कफ़लिया ने 643 वोटों से अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया है, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी रहे एबीवीपी अध्यक्ष पद के प्रत्याशी अभिषेक नेगी को 549 मत प्राप्त हुए हैं.

एमकेपीजी कॉलेज में ABVP

एमकेपीजी कॉलेज में चुनाव परिणाम घोषित एबीवीपी के जीता पूरा पैनल अध्यक्ष – आयुषी पैन्यूली उपाध्यक्ष – भावना महासचिव – कृति संयुक्त सचिव – रेनू थापा विश्वविद्यालय प्रतिनिधि – परीना

डोईवाला पीजी कॉलेज छात्र में USF की ऐतिहासिक जीत

शहीद दुर्गा मल्ल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय डोईवाला में सबसे बड़ी और चौंकाने वाली जीत अध्यक्ष पद पर रही. पहली बार चुनाव मैदान में उतरे यूएसएफ (USF) के प्रत्याशी मोहित ममगाईं ने एनएसयूआई के प्रत्याशी को 48 मतों से हराकर जीत दर्ज की. इस सीट पर कई वर्षों से कब्जा करने वाली एबीवीपी तीसरे नंबर पर खिसक गई.

मसूरी एमपीजी कॉलेज में ABVP

एमपीजी कॉलेज मसूरी छात्रसंघ चुनाव में एबीवीपी ने अध्यक्ष, महासचिव और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि के तीन प्रमुख पदों पर जीत दर्ज की. अध्यक्ष पद पर एबीवीपी के वेदांत थापली ने सर्वाधिक 185 मत प्राप्त किए. वहीं एनएसयूआई के विकास सिंह को 48 और मसूरी छात्र संगठन के मनन शाही को 36 मत मिले।

कर्णप्रयाग में NSUI की जीत

डॉ शिवानन्द नौटियाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कर्णप्रयाग में कुल 1502 छात्र-छात्राओं में से 1201 ने वोट दिया. अध्यक्ष पद पर NSUI के सुनील रावत ने 76 वोटों से जीत हासिल की. वहीं उपाध्यक्ष पद पर भी NSUI के अंकित कुमार 65 वोटों से जीते. सचिव पर भी NSUI की सलोनी 60 वोटों से जीती. ABVP के खाते में सिर्फ सहसचिव की सीट गई है, जहां ABVP की निधि 43 वोटों से जीती. इसके अलावा कोषाध्यक्ष पद पर भी NSUI की हिमानी 37 मतों से जीती. वहीं विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर NSUI के विशाल जीते।

राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय गोपेश्वर में NSUI

राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय गोपेश्वर में छात्र संघ चुनाव में अध्यक्ष पद पर किशन सिंह (एनएसयूआई) ने जीत दर्ज की. उन्हें 1114 मत मिले, जबकि कपिल नेगी को 459 मत प्राप्त हुए. उपाध्यक्ष पद पर आदित्य नेगी (एनएसयूआई) 978 मत प्राप्त कर निर्वाचित हुए. उनके प्रतिद्वंद्वी सौरव सिंह पंवार को 512 मत मिले

सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के चंपावत कैंपस में निर्दलीय

सोबन सिंह जीना (एसएसजे) विश्वविद्यालय के चंपावत कैंपस में हुए छात्रसंघ चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशियों का दबदबा देखने को मिला. अध्यक्ष पद पर निर्दलीय भानु तड़ागी ने एबीवीपी प्रत्याशी सागर मौनी को 536 मतों के बड़े अंतर से हराया. अन्य प्रमुख पदों पर भी निर्दलीय प्रत्याशियों ने जीत हासिल की. सचिव और संयुक्त सचिव पद पर पहले ही निर्विरोध निर्वाचन हो चुका था.

पीजी कॉलेज लोहाघाट में ABVP

पीजी कॉलेज लोहाघाट में अध्यक्ष सहित 10 पदों पर एबीवीपी ने जीत हासिल की. अध्यक्ष सहित 6 पदों पर निर्विरोध निर्वाचन के साथ कुल चार पदों पर मतदान हुआ, जबकि छात्र उपाध्यक्ष का नामांकन रद्द होने के बाद कुल 10 पद रहे.

राजकीय महाविद्यालय देवप्रयाग में ABVP

राजकीय महाविद्यालय देवप्रयाग में छात्र संघ चुनाव में एबीवीपी का दबदबा बना रहा. यहां एकमात्र अध्यक्ष पद पर हुए चुनाव में एबीवीपी के आर्यन दीप ने निर्दलीय अजय सिंह को 71 मतों से पराजित किया. अन्य सभी पदों पर निर्विरोध चुनाव संपन्न हुए.

हल्द्वानी MBPG में बड़ा उलटफेर

सबसे चर्चित नतीजा कुमाऊं के सबसे बड़े महाविद्यालय, हल्द्वानी के MBPG कॉलेज से आया. यहां ABVP से बगावत कर निर्दलीय मैदान में उतरे आर्यन बेलवाल ने 466 वोटों के अंतर से अध्यक्ष पद जीत लिया. इसके साथ ही पिछले 9 साल से चला आ रहा ABVP का वर्चस्व खत्म हो गया.

अल्मोड़ा के सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय में ABVP

अल्मोड़ा के सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के एसएसजे परिसर में छात्रसंघ चुनाव के तहत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, छात्रा उपाध्यक्ष, संयुक्त सचिव, सांस्कृतिक सचिव और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि के छह पदों के लिए मतदान हुआ. अध्यक्ष पद पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने जीत दर्ज की है. एबीवीपी के प्रत्याशी रोहित सिंह कुमाल्टा को 1148 वोट मिले. एनएसयूआई के अमित बिष्ट को 845 वोट मिले. रोहित सिंह कुमाल्टा ने 303 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की.

नैनीताल के डीएसबी परिसर में निर्दलीय

नैनीताल के डीएसबी परिसर छात्र संघ चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी भानु प्रताप चौहान ने अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज कर बड़ा उलटफेर किया है. भानु प्रताप को 1355 वोट मिले, जबकि एबीवीपी प्रत्याशी शुभम कुमार 873 वोट ही हासिल कर सके. इस तरह भानु प्रताप चौहान ने 482 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की.