उत्तराखंड निकाय चुनाव रिजल्ट: 10 नगर निगमों में BJP का जलवा, एक पर बागी का कब्जा, तो कांग्रेस का हाथ खाली

उत्तराखंड में शहरी स्थानीय निकाय चुनावों के परिणाम घोषित हो चुके हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपना दबदबा कायम रखा। बीजेपी ने उत्तराखंड की 11 नगर निगमों में से 10 सीटों पर जीत हासिल की है, जबकि एक सीट पर निर्दलीय प्रत्याशी ने जीत दर्ज की है। देहरादून नगर निगम सीट पर बीजेपी प्रत्याशी सौरभ थपलियाल ने एक लाख से ज्यादा वोटों के मार्जिन से कांग्रेस प्रत्याशी वीरेंद्र पोखरियाल को आसानी से हरा दिया।

 नगर निगमों में भाजपा का जलवा

  1. अल्मोड़ा में भाजपा के अजय वर्मा
  2. हल्द्वानी से भाजपा के गजराज बिष्ट
  3. पिथौरागढ़ में भाजपा की कल्पना देवलाल
  4. देहरादून में भाजपा के सौरव थपलियाल
  5. कोटद्वार में भाजपा के शैलेंद्र सिंह रावत 
  6. रुद्रपुर से भाजपा का विकास शर्मा
  7. ऋषिकेश से भाजपा के शंभू पासवान
  8. काशीपुर से भाजपा के दीपक बाली
  9. रुड़की से भाजपा की अनिता देवी अग्रवाल
  10. हरिद्वार से भाजपा की किरण जैसल
  11. श्रीनगर में निर्दलीय आरती भंडारी

निकायों में कांग्रेस और निर्दलीयों ने दी कड़ी टक्कर

बात करें 89 अन्य निकायों की, जिनमें नगर पालिका और नगर पंचायत शामिल हैं। इनमें से भाजपा ने 30 सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि कांग्रेस ने 27 और निर्दलीय उम्मीदवारों ने 28 सीटों पर दर्ज की है। वहीं, बसपा ने भी 2 सीटों पर जीत हासिल की है।

चमोली में कांग्रेस की सबसे बड़ी जीत 

वहीं नगर निगमों को छोड़कर कांग्रेस की सबसे बड़ी जीत चमोली में हुई है, जहां उसने 6 निकायों में कब्जा किया। इसके बाद किसी जिले में जबसे ज्यादा सीट पर, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ में कांग्रेस ने 3-3 निकायों पर जीत हासिल की। अल्मोड़ा की रानीखेत नगर पालिका में तो भाजपा की जमानत तक जब्त हो गई। यहां से पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के भतीजे अरुण रावत ने कांग्रेस के टिकट पर बड़ी जीत हासिल की है।

वार्डों में निर्दलीयों का रहा दबदबा 

कुल 100 निकायों के 1282 वार्डों में से सबसे ज्यादा 606 वार्ड निर्दलीय जीते हैं। भाजपा ने 346 और कांग्रेस ने 134 वार्डों पर कब्जा किया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की विधानसभा चंपावत में सभी निकायों पर भाजपा ने जीत दर्ज की है। इनमें 3 नगर पालिका और 1 नगर पंचायत शामिल हैं।

ये भी पढ़ें 👉:चमोली की 10 निकायों का परिणाम: 2 पर BJP जीती, 6 पर कांग्रेस का कब्जा तो 2 पर निर्दलीय ने भी लहराया परचम

बता दें कि उत्तराखंड में कुल 100 शहरी स्थानीय निकायों के लिए मतदान 23 जनवरी को हुआ, जिसमें 11 नगर निगम, 43 नगर परिषद और 46 नगर पंचायतें शामिल थी। 5405 उम्मीदवारों ने चुनाव में भाग लिया। 11 महापौर पदों के लिए कुल 72 उम्मीदवार, नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए 445 और नगर निगम पार्षद पदों के लिए 4888 उम्मीदवार मैदान में थे।