Uttarakhand: देहरादून में राहुल गांधी के कार्यक्रम स्थल पर बड़ा हादसा, कांग्रेस नेता की मौत

Uttarakhand: राहुल गांधी की रैली से पहले बड़ा हादसा, लोहे का कटर गिरने से कांग्रेस नेता अमर मेहता की मौत

देहरादून: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के उत्तराखंड दौरे से पहले राजधानी देहरादून में बड़ा हादसा हो गया। बन्नू स्कूल ग्राउंड में कार्यक्रम की तैयारियों के दौरान कांग्रेस नेता अमर मेहता के सिर पर लोहे का कटर गिर गया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद अमर मेहता को तत्काल पास के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार, राहुल गांधी 17 जुलाई को देहरादून के बन्नू स्कूल ग्राउंड में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शामिल होने वाले हैं। कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में थीं और क्रेन की मदद से वाटरप्रूफ टेंट लगाया जा रहा था। इसी दौरान यह दर्दनाक हादसा हो गया।

मृतक कांग्रेस नेता अमर मेहता निरंजनपुर क्षेत्र के निवासी थे और लंबे समय से कांग्रेस से जुड़े हुए थे। वह पार्षद का चुनाव भी लड़ चुके थे।