Uttarakhand: मौसम की भेंट चढ़ा राहुल गांधी का उत्तराखंड दौरा, कार्यकर्ताओं में दिखी मायूसी, बोले – जल्द आऊंगा

Uttarakhand: कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का उत्तराखंड दौरा खराब मौसम के कारण पूरी तरह रद्द हो गया। अल्मोड़ा, पौड़ी और देहरादून में प्रस्तावित उनके सभी कार्यक्रम निरस्त करने पड़े, जिसके बाद उन्हें दिल्ली वापस लौटना पड़ा। राहुल गांधी के दौरे को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह था, लेकिन मौसम ने सभी योजनाओं पर पानी फेर दिया।

पंतनगर से आगे नहीं बढ़ सका हेलीकॉप्टर

राहुल गांधी उत्तराखंड पहुंचने के बाद पंतनगर एयरपोर्ट से हेलीकॉप्टर के जरिए अल्मोड़ा और पौड़ी जाने वाले थे। लेकिन खराब मौसम और कम दृश्यता के कारण हेलीकॉप्टर को वापस पंतनगर लौटना पड़ा। सुरक्षा मानकों को देखते हुए आगे की उड़ान की अनुमति नहीं मिल सकी।

फोन पर किया जनता को संबोधित

अल्मोड़ा में आयोजित कार्यक्रम में राहुल गांधी व्यक्तिगत रूप से नहीं पहुंच सके। उन्होंने फोन के माध्यम से सभा को संबोधित करते हुए लोगों से माफी मांगी। उन्होंने कहा कि मौसम की वजह से कार्यक्रम स्थल तक पहुंचना संभव नहीं हो पाया, लेकिन उनका उत्तराखंड के लोगों से भावनात्मक जुड़ाव हमेशा बना रहेगा।

पौड़ी में पूर्व सैनिकों के साथ थी बैठक

अल्मोड़ा की जनसभा के अलावा पौड़ी गढ़वाल में पूर्व सैनिकों के साथ बैठक थी। साथ ही कोटद्वार में दीपक के जिम जाने का भी कार्यक्रम था, लेकिन मौसम के कारण सभी कार्यक्रम रद्द करने पड़े।

देहरादून का कार्यक्रम भी हुआ रद्द

अल्मोड़ा और पौड़ी के कार्यक्रम रद्द होने के बाद उम्मीद थी कि राहुल गांधी देहरादून पहुंच सकते हैं, लेकिन मौसम में सुधार नहीं होने के चलते राजधानी देहरादून के सभी निर्धारित कार्यक्रम भी निरस्त कर दिए गए। इसके बाद राहुल गांधी को दिल्ली लौटना पड़ा।

जल्द फिर उत्तराखंड आऊंगा-  राहुल गांधी

इस बारे में राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी दी है और कहा कि वह जल्द ही फिर उत्तराखंड का दौरा करेंगे। राहुल गांधी ने कहा, ‘उत्तराखंड के मेरे प्यारे भाइयों और बहनों, आज मैं आप सबसे मिलना चाहता था, आपके बीच बैठकर आपकी बातें सुनना चाहता था। आपके सुख-दुख, आपकी आशाओं और आपकी चिंताओं को समझना चाहता था। दुर्भाग्य से मौसम की गंभीर खराबी के कारण ऐसा संभव नहीं हो पाया।

उन्होंने आगे कहा कि प्रकृति के आगे हम सभी विनम्र हैं और सहयात्रियों की सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं किया जा सकता. कई बार परिस्थितियां हमारी इच्छा के अनुरूप नहीं होतीं, लेकिन इससे मिलने की इच्छा और आपसे जुड़ाव कम नहीं होता।

इसके बाद राहुल गांधी ने लोगों को भरोसा दिलाया है कि, मैं आपसे वादा करता हूं कि बहुत जल्द फिर उत्तराखंड आऊंगा. तब हम जल्दबाजी में नहीं, बल्कि पूरा समय निकालकर मिलेंगे, बात करेंगे, आपके विचार सुनेंगे और मिलकर प्रदेश के बेहतर भविष्य की दिशा में चर्चा करेंगे।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं में दिखी मायूसी

राहुल गांधी के उत्तराखंड दौरे को लेकर प्रदेश कांग्रेस संगठन ने व्यापक तैयारियां की थीं। अल्मोड़ा, पौड़ी और देहरादून में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक उनके स्वागत के लिए जुटे थे। कार्यक्रम रद्द होने की खबर के बाद कार्यकर्ताओं में निराशा देखी गई।

राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा था दौरा

करीब चार वर्षों बाद राहुल गांधी का उत्तराखंड दौरा हो रहा था। कांग्रेस इसे संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरने के अवसर के रूप में देख रही थी। राजनीतिक जानकार भी इस दौरे को आगामी चुनावी रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण मान रहे थे।

बीजेपी ने साधा निशाना

राहुल गांधी के दौरे के रद्द होने पर भाजपा नेताओं ने तंज कसते हुए कहा कि मौसम खराब होना स्वाभाविक है, लेकिन पूरे दौरे का रद्द होना कई सवाल खड़े करता है। वहीं कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा कारणों और खराब मौसम को देखते हुए ही कार्यक्रम स्थगित किए गए।

मौसम ने बिगाड़ी कांग्रेस की तैयारियां

प्रदेश कांग्रेस ने दौरे को लेकर कई दिनों से तैयारियां की थीं। जनसभाओं और बैठकों के जरिए संगठन को नई दिशा देने की योजना थी, लेकिन खराब मौसम के कारण यह पूरा कार्यक्रम रद्द हो गया और कांग्रेस को निराशा हाथ लगी।