Uttarakhand: अल्मोड़ा जिले के हरड़ा गांव के पास बुधवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सैराघाट-पिथौरागढ़ मोटर मार्ग पर कुंज किमौला के पास एक बोलेरो मैक्स अनियंत्रित होकर करीब 400 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में मां-बेटी और वाहन चालक समेत तीन लोगों की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, हरड़ा गांव निवासी मां-बेटी भाई दूज का त्योहार मनाने पिथौरागढ़ गई थीं। बुधवार देर रात दोनों बोलेरो मैक्स से अपने गांव लौट रही थीं। इसी दौरान हरड़ा के पास वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और गहरी खाई में जा गिरा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे के बाद तीनों के शव रातभर खाई में ही पड़े रहे। गुरुवार सुबह जब गांव की महिलाएं घास काटने के लिए निकलीं, तो उन्हें नीचे खाई में दुर्घटनाग्रस्त वाहन दिखाई दिया। इसके बाद उन्होंने ग्रामीणों को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। हादसे में मां-बेटी और वाहन चालक की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में मौत से क्षेत्र में शोक का माहौल है।
