Uttarakhand Weather Update: उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। पहाड़ी इलाकों में कहीं कहीं बर्फबारी हुई है तो वहीं निचले इलाकों में भी झमाझम बारिश हो रही है। तापमान में गिरावट ने लोगों को एक बार फिर ठंड का एहसास करवाया है और लोगों ने फिर से गर्म कपड़े बाहर निकाले हैं।
चारों धाम यमुनोत्री, गंगोत्री, केदारनाथ और बद्रीनाथ में लगातार दूसरे दिन बर्फबारी के चलते आसपास के क्षेत्र सफेद चादर से ढक गए हैं। बद्रीनाथ में करीब दो फीट तक बर्फ जम चुकी है। वहीं चकराता में भी बर्फ हुई है।
बदलते मौसम के बीच मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने छह जिलों में बारिश और बर्फबारी को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
इनमें देहरादून, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ शामिल हैं। पूर्वानुमान के अनुसार इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने, ओलावृष्टि होने और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
खराब मौसम को देखते हुए सरकार की तरह उत्तराखंड के सभी लोगों के फोन में इमरजेंसी अलर्ट भेजा गया है।
राहत की बात यह है कि 21 मार्च से मौसम में सुधार की उम्मीद है, हालांकि 22 मार्च को उत्तरकाशी, चमोली, पिथौरागढ़ और रुद्रप्रयाग जैसे पहाड़ी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की जा सकती है। फिलहाल, विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
मौसम विभाग ने अपील की है कि खराब मौसम के दौरान पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने से पहले ताजा अपडेट जरूर लें। खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें, क्योंकि बिजली गिरने का खतरा बना हुआ है।
