Victory Parade: वतन वापसी, पीएम से मुलाकात, विक्ट्री परेड से वानखेड़े तक..यूं हुआ विश्व विजेता टीम का ग्रैंड वेलकम

Team India Victory Parade Mumbai: भारतीय क्रिकेट टीम ने बारबाडोस में T20 वर्ल्डकप का फाइनल मैच जीतकर वतन वापसी कर ली है । बता दें कि  फाइनल मुकाबला जीतने के बाद टीम इंडिया वहां पर आए चक्रवाती तूफान की वजह से तुरंत रवाना नहीं हो सकी थी। इसलिए तीन दिन बाद गुरुवार को विशेष विमान से टीम इंडिया भारत लौटी है। जहां उनका जोरदार स्वागत हुआ।

टीम इंडिया का जोरदार वेलकम

भारतीय टीम का दिल्ली एयरपोर्ट पर तो जोरदार वेलकम हुआ ही, इसके साथ ही होटल में भी खिलाड़ियों के लिए खास तैयारी थी। पॉश चाणक्यपुरी इलाके में स्थित पांच सितारा होटल में रोहित शर्मा की अगुआई वाली टीम के स्वागत के लिए खास नाश्ते और केक का इंतजाम किया गया था।

विश्व विजेता टीम इंडिया ने इसके बाद पीएम नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। टीम इंडिया ने ब्रेकफास्ट मोदी के साथ ही किया। इस मुलाकात के दौरान पीएम ने टीम इंडिया के खिलाड़ियों से बारी-बारी बात की और टी20 विश्व कप से जुड़े अनुभव के बारे में जाना। पीएम के साथ सभी खिलाड़ी गर्मजोशी से मिले। पीएम ने हर खिलाड़ी के साथ तस्वीर खिंचावाई ।

दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने के बाद, विक्ट्री परेड के लिए भारतीय टीम मुंबई पहुंची। एनसीपीए नरीमन प्वॉइंट से वानखेड़े स्टेडियम तक टीम इंडिया का विक्ट्री परेड निकाला गया।

टीम इंडिया के विमान को मिला स्पेशल सम्मान

इससे पहले भारतीय टीम के विमान को मुंबई एयरपोर्ट पर खास सम्मान दिया गया है। भारतीय टीम की फ्लाइट जैसे ही मुंबई पहुंची उन्हें वाटर सैल्यूट के साथ स्वागत किया गया।

विक्ट्री परेड के लिए पूरी मुंबई सड़क पर उतर आई थी। टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली विक्ट्री परेड के दौरान एक साथ ट्रॉफी को उठाते हुए नजर आए। रोहित शर्मा और विराट कोहली के इस पल को देखकर फैंस काफी उत्साहित हुए।

 

विश्व विजेता भारतीय टीम के स्वागत के लिए जनसैलाब उमड़ पड़ा था। हजारों क्रिकेट प्रशंसक अपने पसंदीदा सितारों की एक झलक पाने के लिए बेताब थे।

इसके बाद विश्व चैंपियन का वानखेड़े स्टेडियम में सम्मान समारोह शुरू हुआ। वानखेड़े स्टेडियम के एंट्री के बाद खिलाड़ियों ने डीजे की धुनपर जमकर डांस किया। कप्तान रोहित शर्मा ने ट्रॉफी देश को समर्पित की।

वानखेड़े क्रिकेट स्टेडियम में टीम इंडिया के सम्मान समारोह में बीसीसीआई ने टीम इंडिया को 125 करोड़ का चेक दिया। इससे पहले कप्तान रोहित शर्मा, राहुल द्रविड़, और विराट कोहली ने अपने अनुभवरों को साझा किया।

ये भी पढ़ें 👉:T20 World Cup Champion: दक्षिण अफ्रीका को हराकर विश्व चैंपियन बना भारत, शानदार जीत पर पीएम ने दी बधाई

मुंबई कभी निराश नहीं करती, पीएम मोदी से मिला, गर्व है: रोहित शर्मा

भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने कहा- हमारे स्वागत के लिए प्रशंसकों की भारी भीड़ यह दर्शाती है कि वे भी इस टी20 विश्व कप खिताब के लिए उतने ही बेताब थे जितने हम थे। मुंबई कभी निराश नहीं करती है। यही तो हम चाहते थे। यही तो सपना था। पीएम मोदी से सुबह मिला। यह खास पल था। गर्व करने वाला पल, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता।


विराट कोहली बोले- कभी इतना रोहित को भावुक नहीं देखा, बुमराह के लिए लगवाए नारे

‘विक्ट्री परेड’ के बाद कोहली ने वानखेड़े स्टेडियम में पहुंचने के बाद कहा- मैंने 15 साल में पहली बार रोहित को इतना भावुक होते हुए देखा। वह लगातार अपने दोस्त रोहित शर्मा की तारीफ कर रहे थे। उन्होंने कहा- यह बहुत ही खास है। स्टेडियम में मौजूद सभी लोग खास हैं। मैं सिर्फ यही चाहता हूं कि हर कोई एक खिलाड़ी को चीयर करें, जिसने आखिरी के 5 ओवरों में 2 ओवर करते हुए गेम पल दिया। वह हैं जसप्रीत बुमराह। इसके बाद फैंस बूम-बूम बुमराह का नारा लगाने लगते हैं।


यह आप हैं, जिन्होंने इस खेल को भारत में महान बनाया, इतना प्यार पाकर हैरान हूं: राहुल द्रविड़

‘विक्ट्री परेड’ के बाद भारतीय टीम के कोच राहुल द्रविड़ ने  कहा- ऐसा कभी नहीं देखा। पूरे देश में जश्न का माहौल है। इतना प्यार पाकर मैं हैरान हूं। यह आप ही लोग हैं, जिन्होंने इस खेल को महान बनाया। यह यात्रा यूं ही चलती रहे। मुझे दर्शकों का यह प्यार बहुत याद आयेगा, आज रात मैंने सड़कों पर जो देखा, उसे कभी नहीं भूलूंगा


जसप्रीत बुमराह बोले- वानखेड़े मेरे लिए स्पेशल

विक्ट्री परेड’ के बाद भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने कहा, आज मैंने जो देखा, ऐसा पहले कभी नहीं देखा। यह ग्राउंड मेरे लिए बहुत स्पेशल है, मैंने 19 साल की उम्र में इसी ग्राउंड से अपना IPL करियर शुरू किया। यहां के फैन्स का जोश देखकर आज मैंने बहुत खुशी महसूस की। हम सभी का टारगेट इंडियन क्रिकेट को आगे ले जाने का है। हमने पहले एक साथ वर्ल्ड कप नहीं जीता था, हमने इसे अब जीता। मैं किसी क्रिकेट मैच के बाद रोता नहीं हूं, लेकिन उस जीत के बाद मैंने महसूस किया कि 2-3 बार मेरी आंखों से आंसू निकल आए।

खिलाड़ियों ने लिया लैप ऑफ ऑनर

सम्मान समारोह समाप्त होने के बाद खिलाड़ियों ने वानखेड़े स्टेडियम के चारों ओर चक्कर काटे और लैप ऑफ ऑनर लिया। इस दौरान टीम के सदस्यों ने प्रशंसकों का आभार जताया और दर्शकों के साइन की हुई गेंदें दी।

Uttarakhand: धामी सरकार के तीन साल पूरे…इन बड़ी उपलब्धियों की राष्ट्रीय स्तर पर भी दिखी धमक