World Powerlifting Championship: उत्तराखंड के चमोली जनपद के पोखरी विकासखंड स्थित किमोठा गांव की बेटी मुन्नी देवी ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर शानदार प्रदर्शन करते हुए देश और प्रदेश का नाम रोशन किया है। थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में आयोजित वर्ल्ड पावर लिफ्टिंग चैंपियनशिप में उन्होंने दो स्वर्ण पदक जीतकर बड़ी उपलब्धि हासिल की है।

12 से 14 जून तक आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में 18 देशों के लगभग 145 खिलाड़ियों ने भाग लिया। 70 किलोग्राम वर्ग में प्रतिस्पर्धा करते हुए मुन्नी देवी ने फुल पावर लिफ्टिंग और बेंच प्रेस स्पर्धा में स्वर्ण पदक अपने नाम किए। उन्होंने पाकिस्तान, थाईलैंड समेत कई देशों के प्रतिभागियों को पीछे छोड़ते हुए यह सफलता अर्जित की।
33 वर्षीय मुन्नी देवी इससे पहले भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुकी हैं और तीन बार स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं। अब अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में दो गोल्ड मेडल जीतकर उन्होंने अपनी उपलब्धियों में एक और स्वर्णिम अध्याय जोड़ दिया है।
Chamoli: यातायात निरीक्षक योगेश सक्सेना को चमोली पुलिस ने दी भावभीनी विदाई
मुन्नी देवी की इस सफलता से पूरे चमोली जिले और उत्तराखंड में खुशी की लहर है। क्षेत्रवासियों, जनप्रतिनिधियों और खेल प्रेमियों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उनकी उपलब्धि युवा खिलाड़ियों, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है।
मुन्नी देवी ने साबित कर दिया है कि मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के बल पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सफलता हासिल की जा सकती है।
