Yamunotri Gangotri Dham Kapat 2026: अक्षय तृतीया के शुभ अवसर पर रविवार को श्री यमुनोत्री धाम और श्री गंगोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए हैं। इसही के साथ उत्तराखंड में चारधाम यात्रा का आगाज हो गया है। इस दौरान धाम में मौजूद भक्तों पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की गई। मंदिरों को फूलों से खूबसूरती से सजाया गया है और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
गंगोत्री धाम के कपाट खुले, चारधाम यात्रा का आगाज
गंगोत्री धाम के कपाट तय मुहूर्त पर वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ दोपहर 12 बजकर 15 मिनट पर खोले गए। सीएम मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी खुद इस दिव्य पल के साक्षी बने। गंगोत्री के कपाट खुलने के समय हजारों तीर्थयात्री मंदिर प्रांगण में मौजूद रहे। इस दौरान ‘हर-हर गंगे’ और ‘मां गंगा की जय’ के जयकारों से पूरा गंगोत्री धाम गूंज उठा। इस दौरान धाम में मौजूद भक्तों पर हेलीकॉप्टर से फूलों की वर्षा भी की गई।
यमुनोत्री धाम के भी कपाट खुले
अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर मुहूर्त में वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ यमुनोत्री धाम के भी कपाट खोले गए। शुभ मुहूर्त पर दोपहर 12 बजकर 35 मिनट पर कपाट खुले। इस क्षण के साक्षी बनने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। कपाट खुलने के साथ ही यमुनोत्री धाम में श्रद्धालुओं की आवाजाही शुरू हो गई है और पूरे क्षेत्र में आस्था व उत्साह का माहौल बना हुआ है।
इस दिन खुलेंगे केदारनाथ बद्रीनाथ के कपाट
वहीं चारधाम में शामिल अन्य दो धाम रुद्रप्रयाग जिले स्थित केदारनाथ मंदिर के कपाट 22 अप्रैल को, जबकि चमोली जिले स्थित बदरीनाथ मंदिर के कपाट 23 अप्रैल को खोले जाएंगे।
शनिवार शाम तक 18.9 लाख तीर्थयात्रियों ने यात्रा के लिए ऑनलाइन पंजीकरण कराया था. केदारनाथ में सबसे अधिक 6.5 लाख पंजीकरण हुए, उसके बाद बद्रीनाथ (5.5 लाख), गंगोत्री (3.3 लाख) और यमुनात्री (3.2 लाख) का स्थान रहा।
