नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक अमित श्रीवास्तव ने संभाली जनपद चमोली की कमान

Chamoli: 2016 बैच के अधिकारी अमित श्रीवास्तव ने गोपेश्वर पुलिस कार्यालय में ग्रहण किया कार्यभार, अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ की बैठक। 


 

चमोली। जनपद के नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक अमित श्रीवास्तव (IPS) ने शुक्रवारको पुलिस कार्यालय गोपेश्वर पहुंचकर चमोली के SP का कार्यभार ग्रहण कर लिया। पुलिस कार्यालय पहुंचने पर उन्होंने गार्द सलामी ग्रहण की। इसके बाद विधिवत रूप से पदभार संभाला। 

 

वर्ष 2016 बैच के IPS अधिकारी अमित श्रीवास्तव इससे पूर्व पुलिस अधीक्षक बागेश्वर, एसपी जीआरपी और उत्तराखंड के राज्यपाल के परिसहाय (ADC) सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं।

विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर सतर्क रहने के निर्देश

कार्यभार ग्रहण करने के बाद पुलिस अधीक्षक ने पुलिस कार्यालय में अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ परिचयात्मक बैठक की। इस दौरान उन्होंने सभी से टीम भावना, आपसी समन्वय और पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की अपेक्षा की।

आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को अभी से इलेक्शन मोड में रहने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्वाचन संबंधी तैयारियों, कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर पूरी गंभीरता एवं सतर्कता बरतने को कहा।

पुलिस कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का किया निरीक्षण

बैठक के बाद पुलिस अधीक्षक अमित श्रीवास्तव ने पुलिस कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शाखाओं में संचालित कार्यों, अभिलेखों और व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

 

उन्होंने शाखा प्रभारियों को कार्यों में पारदर्शिता, समयबद्धता और अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही जनपद की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग से जुड़े प्रमुख विषयों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

 

नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि जनपद में बेहतर पुलिसिंग, आपसी समन्वय और जिम्मेदारी के साथ कार्य करना प्राथमिकता रहेगी।