38वें राष्ट्रीय खेल 28 जनवरी से 14 फरवरी 2025 तक उत्तराखण्ड में, भारतीय ओलंपिक संघ ने लगाई तिथि पर मुहर

भारतीय ओलंपिक संघ ने आज एक लेटर जारी कर, औपचारिक रूप से ये घोषणा कर दी कि 38वें राष्ट्रीय खेलों का आयोजन, उत्तराखंड में 28 जनवरी 2025 से 14 फ़रवरी 2025 के मध्य किया जाएगा।

संघ के इस फैसले पर प्रदेश की खेल मंत्री रेखा आर्या ने खुशी ज़ाहिर की है और कहा है कि यह उनकी तैयारियों पर मुहर लगने जैसा है। शेड्यूल घोषित होने के बाद रेखा आर्या ने कहा कि उत्तराखंड पहले से ही इन तिथियों के अनुसार अपनी तैयारी कर रहा था और माननीय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जी द्वारा भी इन्हीं तिथियों की संस्तुति की गई थी।

खेलों की तैयारियों पर बात करते हुए मंत्री रेखा आर्या बोलीं कि हम अपनी तैयारियों को लेकर पूरी तरह से आश्वस्त हैं और ये आयोजन अनेक मायनों में ऐतिहासिक सिद्ध होने वाला है। उन्होंने प्रदेश के खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि ये उनके लिए एक अभूतपूर्व अवसर है और अपने घरेलू मैदान पर वो अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दे सकते हैं। रेखा आर्या बोलीं कि प्रदेश भर के खिलाड़ियों की तैयारी जोर-शोर से जारी है और उन्हें पूरी उम्मीद है कि उत्तराखंड के खिलाड़ी इस बार राज्य को पदक तालिका की अग्रिम पंक्ति में स्थान दिलाएंगे।

राष्ट्रीय खेलों के साथ ही विंटर नेशनल गेम का आयोजन भी उत्तराखण्ड में किया जायेगा
                मुख्यमंत्री  पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को नई दिल्ली में यह जानकारी दी। उन्होंने यहां भारतीय ओलम्पिक संघ की अध्यक्ष डॉ. पी.टी उषा से भेंट की। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह हमारे लिए सौभाग्य की बात है कि उत्तराखण्ड को 38वें राष्ट्रीय खेलों की जिम्मेदारी मिली है, इसके लिए उन्होंने भारतीय ओलम्पिक संघ की अध्यक्ष डॉ. पी.टी उषा का आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 38वें राष्ट्रीय खेलों के आयोजन के लिए उत्तराखण्ड पूरी तरह से तैयार है। राष्ट्रीय खेलों के लिए राज्य में काफी इन्फ्रास्टक्चर बनकर तैयार है। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखण्ड में राष्ट्रीय खेलों का आयोजन भव्य तरीके से किया जायेगा। जिन राज्यों में पिछले राष्ट्रीय खेल हुए हैं, उनके अनुभवों के आधार पर भी राज्य में और अच्छे तरह से खेलों के आयोजन के लिए कार्य किये जायेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा प्रयास होगा कि उत्तराखण्ड में होने वाले राष्ट्रीय खेलों का आयोजन अभी तक हुए राष्ट्रीय खेलों से बेहतर हो।

38वें राष्ट्रीय खेलों के आयोजन के लिए उत्तराखण्ड पूरी तरह से तैयार

मुख्यमंत्री ने कहा कि खेलों की अच्छी व्यवस्था के साथ ही खिलाड़ियों और देश भर से आने वाले लोगों के लिए उत्तराखण्ड में होने वाले राष्ट्रीय खेल में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जायेंगी। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखण्ड में राष्ट्रीय खेल के आयोजन से यहां के लोगों का मनोबल और प्रोत्साहन भी बढ़ेगा। उत्तराखण्ड को राष्ट्रीय खेलों के माध्यम से एक अच्छा मंच मिलेगा। हमारे उदीयमान खिलाड़यिों को आगे बढ़ने का अच्छा अवसर मिलेगा।