New Delhi: FAIVM के पदाधिकारी K चिगुल्लापली और R कुमार गौर NTWB के सदस्य बने, CA राजेश्वर पैन्यूली ने जताया आभार

New Delhi: फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया व्यापार मंडल (FAIVM) के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट कृष्णा चिगुल्लापली और जनरल सेक्रेट्री रविन्द्र कुमार गौर को नेशनल ट्रेडर्स वेलफेयर बोर्ड (NTWB) का सदस्य बनाए जाने पर व्यापारिक संगठनों में खुशी की लहर है। इसे व्यापारियों की आवाज को राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक मजबूती मिलने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

इस अवसर पर FAIVM के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष एवं प्रवक्ता सीए राजेश्वर पैन्यूली ने नेशनल ट्रेडर्स वेलफेयर बोर्ड (NTWB) के चेयरमैन सुनील जे. सिंघी का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कृष्णा चिगुल्लापली और रविन्द्र कुमार गौर जैसे अनुभवी पदाधिकारियों के बोर्ड में शामिल होने से व्यापारियों की समस्याओं और सुझावों को सरकार तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने में मदद मिलेगी।

सीए राजेश्वर पैन्यूली ने कहा कि फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया व्यापार मंडल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “वोकल फॉर लोकल” अभियान को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि संगठन देश को विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य को पूरा करने में भी अपनी सक्रिय भूमिका निभाएगा।

उन्होंने बताया कि FAIVM देश के 18 राज्यों में मध्यम, लघु और माइक्रो व्यापारियों का प्रतिनिधित्व करने वाला एक प्रमुख एनजीओ संघ है। यह संगठन व्यापारियों और सरकार के बीच सकारात्मक सामंजस्य स्थापित करने के साथ-साथ दोनों के हितों की रक्षा के लिए लगातार कार्य कर रहा है।