Uttarakhand BJYM: पश्चिम बंगाल चुनाव में 50 दिन तक डटे BJYM कार्यकर्ता, CM धामी ने की सराहना

Uttarakhand BJYM: देहरादून में शासकीय आवास पर बुधवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) उत्तराखंड के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शिष्टाचार भेंट की।

इस दौरान युवा कार्यकर्ताओं ने हाल ही में संपन्न पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों में अपनी सक्रिय भूमिका साझा करते हुए बताया कि उन्होंने विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में प्रवासी कार्यकर्ता के रूप में लगभग 50 दिनों तक पार्टी के पक्ष में कार्य किया। इस दौरान उन्होंने प्रचार-प्रसार के साथ-साथ संगठन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं ने अपने अनुभव भी साझा किए और बताया कि उन्होंने जमीनी स्तर पर लोगों तक पार्टी की नीतियों और विचारों को पहुंचाने का कार्य किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी कार्यकर्ताओं को भारतीय जनता पार्टी की पश्चिम बंगाल में मिली प्रचंड जीत पर बधाई दी और उनके समर्पण, परिश्रम तथा संगठन के प्रति निष्ठा की सराहना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पार्टी की सफलता में युवा शक्ति की अहम भूमिका होती है और युवाओं के उत्साह व मेहनत से ही संगठन को नई ऊर्जा मिलती है। उन्होंने भविष्य में भी युवाओं से इसी प्रकार सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

Uttarakhand: BJP की ऐतिहासिक जीत पर देहरादून कार्यालय में जश्न, CM धामी ने कार्यकर्ताओं संग खाई झालमुड़ी

इस अवसर पर युवा मोर्चा भाजपा के प्रदेश महामंत्री मुलायम सिंह रावत, पूर्व प्रदेश सह-संयोजक अंकुर रावत, गढ़वाल सह संयोजक नवीन गुसाईं, अंकित नैथानी, सूरज नेगी, अतीश भट्ट, राहुल भट्ट और अरमान डोभाल सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।