Chamoli: जनपद में तैनात यातायात निरीक्षक योगेश सक्सेना को उनके स्थानांतरण पर चमोली पुलिस परिवार ने भावभीनी विदाई दी। पुलिस कार्यालय गोपेश्वर में आयोजित गरिमामय समारोह में पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार सहित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनके योगदान को याद करते हुए सम्मानित किया।
इस अवसर पर एसपी चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने कहा कि योगेश सक्सेना ने अपने कार्यकाल के दौरान पूरी निष्ठा, लगन और पेशेवर दक्षता के साथ दायित्वों का निर्वहन किया। उन्होंने जनपद की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने, चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही को व्यवस्थित करने, विधानसभा सत्रों एवं वीवीआईपी ड्यूटी के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
अधिकारियों ने कहा कि योगेश सक्सेना ने सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के लिए भी प्रभावी प्रयास किए, जिससे आमजन में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ी और सड़क सुरक्षा को मजबूती मिली।
विदाई समारोह में योगेश सक्सेना ने चमोली में अपने कार्यकाल के अनुभव साझा करते हुए कहा कि यहां का सहयोगात्मक वातावरण, वरिष्ठ अधिकारियों का मार्गदर्शन और सहकर्मियों का स्नेह हमेशा उनकी स्मृतियों में रहेगा। उन्होंने चमोली पुलिस परिवार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यहां प्राप्त अनुभव उनके आगामी दायित्वों के निर्वहन में सहायक सिद्ध होंगे।
Chamoli में SIR अभियान की समीक्षा, डीएम ने कार्य में तेजी लाने के दिए निर्देश
समारोह के दौरान एसपी चमोली एवं अन्य अधिकारियों ने उन्हें शॉल ओढ़ाकर, पुष्पमाला पहनाकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया तथा नई तैनाती 46वीं वाहिनी पीएसी, ऊधमसिंहनगर के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग त्रिवेन्द्र सिंह राणा, प्रतिसार निरीक्षक आनंद रावत, यातायात निरीक्षक जितेन्द्र जोशी, निरीक्षक दिगंबर उनियाल सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
