Dehradun: चकराता में दर्दनाक हादसा, घूमने निकले 5 दोस्तों की कार खाई में गिरी, मेरठ के 2 युवकों की मौत, 3 गंभीर घायल

Dehradun: उत्तराखंड के चकराता से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। साहिया-क्वानू मोटर मार्ग पर चकराता घूमने जा रहे पांच दोस्तों की कार गहरी खाई में गिर गई। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन गंभीर रूप से घायल हैं। पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाया।

हादसा रविवार शाम कलेथा गांव के पास हुआ, जहां मेरठ और बिजनौर के पांच दोस्त Hyundai i20 कार से चकराता जा रहे थे। अचानक कार अनियंत्रित होकर सैकड़ों फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीण सबसे पहले मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही कालसी पुलिस, एसडीआरएफ और राजस्व विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद सभी युवकों को खाई से बाहर निकालकर सीएचसी साहिया पहुंचाया गया।

 

इलाज के दौरान मेरठ निवासी 24 वर्षीय शैंकी और उनके साथी ऋषभ की मौत हो गई, जबकि बिजनौर निवासी विशु, भुवन और प्रशांत को प्राथमिक उपचार के बाद महंत इन्द्रेश अस्पताल, देहरादून रेफर किया गया। पुलिस के अनुसार दुर्घटना राजस्व पुलिस क्षेत्र में हुई है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

Rishikesh में सनसनी: नशे के आदी बेटे ने घरेलू विवाद में अपनी ही मां को मारी गोली, हालत गंभीर, एम्स में इलाज जारी

फिलहाल प्रशासन दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटा है। इस हादसे ने एक बार फिर पहाड़ी मार्गों पर सुरक्षित ड्राइविंग और सड़क सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।